होम latest News Ludhiana में न्यूट्री-कुलचा खाते युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक का दिनदहाड़े अपहरण

Ludhiana में न्यूट्री-कुलचा खाते युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक का दिनदहाड़े अपहरण

0

चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर 32 (बीसीएम स्कूल के पीछे) में पुरानी रंजिश के चलते बीती रात फायरिंग और अपहरण का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है।

यहां एक ‘खालसा वेज प्वाइंट’ पर न्यूट्री-कुलचा खाने आए तीन दोस्तों पर इनोवा कार में सवार होकर आए 10-12 हथियारबंद हमलावरों ने अचानक धावा बोल दिया। हमलावरों ने इलाके में सरेराह दहशत फैलाने के लिए दो हवाई फायर किए और एक युवक को जबरन गाड़ी में ठूंसकर किडनैप कर फरार हो गए। इस खूनी झड़प में दो युवक घायल हुए हैं। वारदात की सूचना मिलते ही एसीपी (ACP) और थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बदमाशों ने दोनों को घेरकर बेरहमी से पीटा
मिली जानकारी के मुताबिक, दिलजोत, सचिन और शुभम नाम के तीन युवक सेक्टर 32 के नजदीक ‘खालसा वेज प्वाइंट’ पर आए हुए थे। इन युवकों की कुछ दिन पहले ही कुछ अन्य लड़कों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। जैसे ही विरोधी गुट को भनक लगी कि तीनों युवक सेक्टर 32 इलाके में मौजूद हैं, तो उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले को देखकर सचिन ने फुर्ती दिखाई और मौके से भागने में कामयाब रहा, लेकिन शुभम और दिलजोत हमलावरों के हत्थे चढ़ गए। बदमाशों ने दोनों को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। जब शुभम ने हिम्मत दिखाकर उनका मुकाबला करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने सीधे उस पर पिस्तौल तान दी। बदमाशों ने सरेआम जान से मारने की धमकियां देते हुए बैक-टू-बैक 2 हवाई फायर किए, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसके बाद हमलावर लहूलुहान शुभम को जबरन घसीटते हुए अपनी इनोवा गाड़ी में डालकर फरार हो गए, जबकि इस मारपीट में दिलजोत गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के तुरंत बाद घायल दिलजोत ने पुलिस कंट्रोल रूम पर मामले की जानकारी दी।

पुलिस ने खंगाले CCTV कैमरे 
सूचना मिलते ही एसीपी राजकुमार और थाना डिवीजन नंबर 7 के मुख्य अफसर (SHO) इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को मौके से गोलियों के 2 खोल  बरामद हुए हैं। इसके अलावा, पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगाला, तो फुटेज में आरोपी युवक वारदात को अंजाम देकर तेजी से भागते हुए साफ नजर आ रहे हैं। इस वारदात के संबंध में बात करते हुए थाना डिवीजन नंबर 7 के एसएचओ इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि 10 से 12 अज्ञात लोग एक युवक को सरेराह गाड़ी में किडनैप करके ले गए हैं। उन्होंने पुष्टि की कि पुलिस टीम ने मौके से दो कारतूस के खोल बरामद किए हैं और चश्मदीदों ने भी दो राउंड गोलियां चलने की सुचना है। इंस्पेक्टर गगनदीप ने कहा कि पीड़ित दिलजोत के बयानों के आधार पर संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। इलाके की सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर गाड़ी के नंबर और रूट को ट्रैक किया जा रहा है और शुभम को सुरक्षित छुड़ाने व आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पिछला लेखJalandhar में आंधी- तूफान का कहर, बाइक से जा रहे पिता-बेटी पर गिरा पेड़, दोनों की मौत
अगला लेखJalandhar में SIR कंप्लेंट के लिए हेल्पलाइन जारी:टोल फ्री नंबर 1950 पर कर सकते हैं कॉल; सभी विस क्षेत्रों के लिए अलग सेल