तरनतारन जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।
जहां अपनी पत्नी को मायके से वापस घर ले जाने पहुंचे एक युवक को उसके साले ने पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई परिवार की एक महिला भी आग की चपेट में आ गई, जिससे दोनों की मौत हो गई।
पत्नी को मनाने मायके पहुंचा था युवक
पुलिस के अनुसार, यह घटना 13 जून को तरनतारन के गांव संघा में हुई। मृतक की पहचान अमृतसर के गांव लोपोके निवासी लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। करीब नौ महीने पहले उसकी शादी संदीप कौर से हुई थी। पारिवारिक विवाद के बाद संदीप अपने मायके में रह रही थी। लवप्रीत उसे मनाकर वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था।
कहासुनी के बाद हिंसक हुआ विवाद
ससुराल पहुंचने पर लवप्रीत की परिवार के सदस्यों से बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसका साला साजन सिंह कथित रूप से पेट्रोल की बोतल लेकर आया और लवप्रीत पर पेट्रोल छिड़क दिया। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची गुरजीत कौर भी पेट्रोल की चपेट में आ गईं।
लाइटर जलाते ही दोनों आग की चपेट में आए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साजन सिंह ने कथित रूप से लाइटर जलाकर आग लगा दी। आग तेजी से फैल गई और लवप्रीत सिंह तथा गुरजीत कौर गंभीर रूप से झुलस गए। आरोपी स्वयं भी आग की चपेट में आ गया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी आग बुझाकर उसे बचा लिया।
अस्पताल में दोनों ने तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने लवप्रीत सिंह और गुरजीत कौर को मृत घोषित कर दिया। आरोपी को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज पूरा होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
घटना का करीब एक मिनट लंबा सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। फुटेज में पहले लवप्रीत और साजन के बीच बहस और धक्का-मुक्की दिखाई देती है। इसके बाद आरोपी पेट्रोल डालता है और गुरजीत कौर उसे रोकने की कोशिश करती हैं। कुछ ही क्षण बाद आग लग जाती है और दोनों पीड़ित जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आते हैं।
वीडियो में लवप्रीत आग बुझाने के लिए पास की नाली में कूदता भी दिखाई देता है, लेकिन पानी कम होने के कारण आग नहीं बुझ पाती। दूसरी ओर, आरोपी भी आग की चपेट में आ जाता है, जिसे आसपास मौजूद लोग कपड़े की मदद से बचा लेते हैं।
सदर थाना पुलिस ने आरोपी साजन सिंह के खिलाफ दोहरे हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि लवप्रीत सिंह करीब 92 प्रतिशत तक झुलस गया था, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।