पंजाब में मानसून अभी भी सक्रिय है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश से लगते पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, मोहाली, गुरदासपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, बरनाला और संगरूर में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।
तापमान सामान्य, बठिंडा रहा सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है। बठिंडा में सबसे अधिक 39.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
कई इलाकों में दर्ज हुई बारिश
शुक्रवार सुबह से शाम तक चंडीगढ़, बठिंडा, फाजिल्का, होशियारपुर और पठानकोट सहित कई स्थानों पर वर्षा रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक 25.5 मिलीमीटर बारिश फाजिल्का में दर्ज हुई, जबकि बठिंडा में 3.0 मिलीमीटर और चंडीगढ़ में 1.7 मिलीमीटर वर्षा हुई।
12 जुलाई के बाद कमजोर पड़ सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, 11 और 12 जुलाई तक पंजाब के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 10 से 13 जुलाई के बीच कुछ जगहों पर तेज बारिश होने की भी संभावना है। इसके बाद बारिश धीरे-धीरे कम हो जाएगी और केवल कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
बारिश कम होने से बढ़ेगी उमस
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून कमजोर पड़ सकता है। इसलिए पंजाब के ज़्यादातर इलाकों में बारिश कम होगी और मौसम सूखा रह सकता है। बारिश कम होने से तापमान बढ़ेगा और लोगों को गर्मी के साथ उमस भी ज्यादा महसूस हो सकती है।