होम Crime Jalandhar में बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:सिर पर मिले घाव, परिवार...

Jalandhar में बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:सिर पर मिले घाव, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

0

जालंधर में एक बुजुर्ग व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

शुरुआत में परिवार ने इसे सामान्य मौत समझकर शव को सुरक्षित रखने के लिए फ्रीजर बॉक्स मंगवा लिया था। हालांकि बाद में शरीर पर गहरे घाव मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह घटना जालंधर के कमल विहार इलाके की है। मृतक की पहचान अशोक कुमार (60) के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंटर (रंग का काम) थे। अशोक कुमार का शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना का पता तब चला जब कल शाम करीब 7 बजे उनकी बेटी खुशबू उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंची। पिता को बेसुध और कोई प्रतिक्रिया न देते देख उसने शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के लोग और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए।
मौके पर पहुंचकर जांच करते हुए पुलिस टीम।
मौके पर पहुंचकर जांच करते हुए पुलिस टीम।
हथौड़े से वार किए जाने के गहरे निशान
गर्मी के मौसम को देखते हुए और इसे सामान्य मौत मानकर शव को सुरक्षित रखने के लिए तुरंत फ्रीजर बॉक्स मंगवा लिया था। बाद में शव की जांच करने पर सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। मृतक के सिर पर किसी भारी चीज या हथौड़े से वार किए जाने के गहरे निशान थे और फर्श पर खून बिखरा हुआ था, जिस पर किसी के चप्पलों के निशान भी बने हुए थे।
सुबह बेटी से की बातें, दोपहर बाद कमरे में मिला शव
बेटी खुशबू ने बताया कि सुबह उनके पिता किसी से मिलने गए थे। दोपहर में घर लौटने के बाद वह ऊपर कमरे में जाकर लेट गए। उन्होंने पिता को खाना खिलाया, कमरे में झाड़ू भी लगाई और इस दौरान दोनों के बीच बातचीत भी हुई। इसके बाद वह परिवार के साथ एक फंक्शन में चली गईं। घर वापस लौटने पर उनकी मां ने उन्हें पिता को देखने के लिए कमरे में भेजा। खुशबू ने बताया कि कमरे में पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पिता उल्टे लेटे हुए थे और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे। फोन की लाइट से देखने पर उनके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए।
भाई और परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के सगे भाई ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि परिवार की करीब 32 बिस्सा जमीन को लेकर भी विवाद चल रहा है। उनके अनुसार, मृतक के तीन बेटे हैं, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है, दूसरा दिल्ली में रहता है, जबकि तीसरा बेटा बेरोजगार है और शराब का आदी बताया जा रहा है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कारण
परिवार को आशंका है कि इस घटना के पीछे किसी करीबी व्यक्ति या रंजिश का हाथ हो सकता है। घटनास्थल पर खून और चोट के निशान मिलने के बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
पिछला लेखAmritsar में मिला लापता युवक का शव:सिर पर चोट के निशान, 5 दिन पहले हुआ बेटी का जन्म; मां बोली- मानसिक तनाव में था