एसपी विक्रम बराड़ की अगुवाई में एजीटीएफ की टीम आरोपी को लेकर मोहाली एयरपोर्ट पहुंची.
पंजाब सरकार की ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम को रविवार को बड़ी सफलता मिली है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फरार चल रहे गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को इंडोनेशिया के जकार्ता से डिपोर्ट कर भारत लाया गया. पंजाब पुलिस ने जोबन बिल्ला के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था. पुलिस ने इंटरपोल और केंद्रीय एजेंसियों की सहायता से जोबन बिल्ला को जकार्ता में ट्रैक किया. जोबन बिल्ला पर हत्या के चार गंभीर मामले दर्ज हैं.
गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को मोहाली के शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट लाया गया, जहां पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) की टीम उसे लेकर पहुंची. वहीं एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद अमृतसर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे अपनी हिरासत में ले लिया. आरोपी को आगे की पूछताछ और अदालत में पेश करने के लिए अमृतसर ले जाया गया.
हाई सिक्योरिटी में अमृतसर लाया गया गैंगस्टर बिल्ला
बता दें कि रविवार शाम करीब सवा 5 बजे एसपी विक्रम बराड़ की अगुवाई में एजीटीएफ की टीम आरोपी को लेकर एयरपोर्ट पहुंची. इस दौरान एयरपोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील किया गया हुआ था. जोबनजीत के बाहर आते ही पुलिस ने उसे मुंह पर काला लिबास डाल दिया. इसके बाद हाई सिक्योरिटी में उसे अमृतसर ले जाया गया.
‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम रहेगी जारी
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम तब तक जारी रहेगी, जब तक पंजाब पूरी तरह से गैंगस्टर मुक्त नहीं हो जाता. तीन दिनों तक चले इस ऑपरेशन के परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए, स्पेशल डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि पूरे राज्य में कुल 7498 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें से 3260 को गिरफ्तार किया गया है.
वहीं गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में 135 फरार अपराधी (पीओ) शामिल हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से 47 हथियार, 4.8 किलोग्राम हेरोइन, 3.6 किलोग्राम अफीम, 42,797 नशीली गोलियां, 68 किलोग्राम भुक्की और 30 लाख रुपए की ड्रग मनी भी बरामद की है.