होम latest News Amritsar से दुनिया तक आसान सफर: एयर इंडिया ने शुरू की ‘ईजी...

Amritsar से दुनिया तक आसान सफर: एयर इंडिया ने शुरू की ‘ईजी कनेक्ट’ सर्विस, इन देशों के लिए मिलेगी फ्लाइट

0

अमृतसर से जाने वाले इंटरनेशनल यात्री अपने आखिरी गंतव्य तक के लिए चेक-इन कर सकते हैं, अमृतसर एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

एयर इंडिया ने आज अमृतसर से ‘ईजी कनेक्ट’ सर्विस शुरू की हैं, जो भारत सरकार के बदलावकारी हब-एंड-स्पोक मॉडल का विस्तार करते हुए पूरे पंजाब के यात्रियों के लिए ग्लोबल कनेक्टिविटी को सहज बनाएंगी। जून 2026 में घोषित इस पहल को पूरे देश में रोलआउट करने की दिशा अहम कदम बढ़ाते हुए यह लॉन्च किया गया है।
ईजी कनेक्ट प्रोग्राम के तहत, अमृतसर से जाने वाले इंटरनेशनल यात्री अपने आखिरी गंतव्य तक के लिए चेक-इन कर सकते हैं, अमृतसर एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इस तरह दिल्ली में उन्हें बैगेज को दोबारा चैक-इन करने या टर्मिनल बदलने की ज़रूरत नहीं पड़ती और वे आगे की यात्रा जारी रख सकते हैं। इससे यात्री इंटरनेशनल ट्रांज़िट पैसेंजर के रूप में दिल्ली से यात्रा कर पाते हैं। उन्हें बार-बार औपचारिक प्रक्रियाएं नहीं करनी पड़ती और विदेशी एयरपोर्ट से कनेक्ट करने और अनजान माहौल में अक्सर होने वाली मुश्किलें (जैसे विदेशी भाषा की दिक्कत) काफी हद तक कम हो जाती है।
ईजी कनेक्ट’ सर्विस के तहत एयर इंडिया, अमृतसर से दिल्ली के लिए रोजाना दो उड़ानें चलाएगीः
एआई 1113: अमृतसर से सुबह 9:10 बजे रवाना होकर सुबह 10:40 बजे दिल्ली पहुंचती है।
एआई 1115: अमृतसर से रात 10:00 बजे रवाना होकर रात 11:20 बजे दिल्ली पहुंचती है।
ये उड़ानें दिल्ली पहुंचने के चार घंटे के भीतर 27 इंटरनेशनल गंतव्यों के लिए आसान कनेक्टिविटी देती हैं, जिनमें अमेरिका, कनाडा, यूनाइटेड किंगडम, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, वेस्ट एशिया और साउथ-ईस्ट एशिया के गंतव्य शामिल हैं।
अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से ‘ईजी कनेक्ट’ सर्विस की शुरुआत भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने की। लॉन्च के मौके पर उन्होंने कहा कि अमृतसर में हब-एंड-स्पोक संचालन का विस्तार ऐसा एविएशन नेटवर्क बनाने के हमारे विजन की दिशा में एक और कदम है जो सही मायनों में नए भारत को अपनी सेवाएं प्रदान करता है- एक ऐसा भारत जहां विश्वस्तरीय पहुंच सिर्फ कुछ महानगरों तक सीमित न रहे बल्कि देश के हर कोने तक पहुंचे। भारतीय हब के जरिए कनेक्टिविटी को मजबूत बनाकर हम अधिक इंटीग्रेटेड, सुलभ और विश्वस्तर पर प्रतिस्पर्धी मएविएशन इकोसिस्टम की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन उड़ानों से पंजाब दुनिया के बाकी हिस्सों के और करीब आ गया है, जिससे विदेशों में बसी वाइब्रेन्ट कम्युनिटी के साथ संबंध और गहरे होंगे तथा पर्यटन, आर्थिक विकास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नए अवसर खुलेंगे।
इस अवसर पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव पुनीत कंसल, एयरपोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन विपिन कुमार और एयर इंडिया में गवर्नेंस, रिस्क, कंप्लायंस और कॉर्पोरेट अफेयर्स के ग्रुप हैड पी. बालाजी के साथ-साथ सरकारी एजेंसियों, एवं एयर इंडिया के अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा एयरपोर्ट के हितधारक भी मौजूद रहे।
पंजाब से दुनिया भर के लिए फ्लाइट्स
अमृतसर से सुबह की ईजी कनेक्ट सर्विस (एआई 1113) का समय इस तरह तय किया गया है कि यात्री आसानी से लंदन हीथ्रो, बर्मिंघम, पेरिस, मिलान, कोपेनहेगन, वियना, एम्स्टर्डम, ज्यूरिख, फ्रैंकफर्ट और रोम जैसे यूरोप के मुख्य शहरों के साथ-साथ दक्षिण-पूर्व एशिया और पश्चिम एशिया के कुछ खास शहरों के लिए आगे की यात्रा कर सकें।
इसी तरह देर शाम की सर्विस (एआई 1115) से यूएसए, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के शहरों जैसे न्यूयॉर्क (जेएफके), नेवार्क (न्यू जर्सी), सैन फ्रांसिस्को, शिकागो, टोरंटो, वैंकूवर, मेलबर्न, सिडनी और दक्षिण-पूर्व एशिया व पश्चिम एशिया के कुछ खास शहरों जैसे सिंगापुर, फुकेत, बाली, दुबई आदि के लिए आसान कनेक्टिविटी मिलती है।
एयर इंडिया इनबाउंड हब-एंड-स्पोक संचालन के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय के स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर को लागू करने वाली पहली भारतीय कैरियर भी बन जाएगी, जिससे अमृतसर जाने वाले यात्रियों के लिए दिल्ली के रास्ते इंटरनेशनल-टू-डोमेस्टिक ट्रांसफर आसान हो जाएगा। इनबाउंड ईजी कनेक्ट मॉडल अगले दो महीनों में अमृतसर से शुरू होने की उम्मीद है।
पंजाब भारतीयों की सबसे बड़ी ग्लोबली कनेक्टेड कम्युनिटीज़ में से एकः पी. बालाजी
एयर इंडिया में गवर्नेंस, रिस्क, कंप्लायंस और कॉर्पोरेट अफेयर्स के ग्रुप हैड पी. बालाजी ने कहा कि पंजाब भारतीयों की सबसे बड़ी ग्लोबली कनेक्टेड कम्युनिटीज़ में से एक है, जहाँ कई पीढ़ियों से परिवार, उद्यमी, छात्र और पेशेवर दुनिया भर की कम्युनिटीज़, खासकर यूएसए, कनाडा, यूनाइटेड किंगडम और ऑस्ट्रेलिया के साथ मजबूत संबंध बना रहे हैं। इसके बावजूद यात्रियों को इंटरनेशनल यात्रा के दौरान कई एयरपोर्ट्स पर बार-बार औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती हैं और ट्रांज़िट के लम्बे अनुभवों से होकर गुज़रना पड़ता है। अमृतसर से ईजी कनेक्ट फ्लाइट्स के साथ, यात्री अब बिना किसी परेशानी के अपने ही शहर से विदेश यात्रा शुरू कर सकते हैं। हमें गर्व है कि हम भारत सरकार के दृष्टिकोण के अनुरूप दुनिया को हर भारतीय के करीब लाने और बड़े ग्लोबल एविएशन हब के रूप में भारत की स्थिति को मजबूत बनाने में योगदान दे रहे हैं।’
एयर इंडिया देश भर चरणबद्ध तरीके से रोलआउट कर रही है, जो अमृतसर और वाराणसी के अलावा और भी घरेलू “स्पोक” शहरों को एयरलाइन के दिल्ली, मुंबई और बैंगलुरु के मेन हब से जोड़ेगी, जिससे लाखों भारतीयों के लिए आधुनिक अंतर्राष्ट्रीय यात्रा आसान हो जाएगी। आने वाले सप्ताहों में, एयर इंडिया अहमदाबाद, गोवा, कोच्ची और कई अन्य भारतीय शहरों से भी ईजी कनेक्ट सर्विस शुरू करेगी।
ग्लोबल एविएशन कनेक्टर के रूप में भारत की भूमिका बनाना
विदेशी ट्रांजिट हब के बजाय भारतीय एयरपोर्ट के माध्यम से ज़्यादा इंटरनेशनल ट्रैफ़िक लाने के प्रयासों के तहत ईजी कनेक्ट पहल की शुरूआत की गई है। हर साल लगभग 25 मिलियन यात्री भारत के लिए लम्बी दूरी की यात्रा करते हैं, जिनमें से करीब 20 मिलियन कनेक्टिंग यात्री होते हैं – और लगभग 85 फीसदी (लगभग 17 मिलियन) अभी भारतीय एयरपोर्ट के बजाय विदेशी हब से ट्रांज़िट करते हैं। भारत सरकार के हब-एंड-स्पोक फ्रेमवर्क और एयर इंडिया के बढ़ते ग्लोबल नेटवर्क के ज़रिए, ईजी कनेक्ट का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ये यात्री धीरे-धीरे भारतीय हब पर शिफ़्ट हो जाएं। ताकि यात्रियों को ज़्यादा जाना-पहचाना, आसान और अपने देश से जुड़ा अनुभव मिल सके। वर्तमान में एयर इंडिया भारतीय कैरियर्स में सबसे बड़ा इंटरनेशनल नेटवर्क संचालित करती है, जो भारत को नॉर्थ अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, एशिया और मिडिल ईस्ट के विभिन्न गंतव्यों से जोड़ता है। वहीं एयरलाईन का बड़ा डोमेस्टिक नेटवर्क देश भर के शहरों से आसान पहुँच देता है।
ईजी कनेक्ट फ़्लाइट्स के बारे में और जानकारी
एयर इंडिया की ईजी कनेक्ट उड़ानों में सफ़र करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा को सहज बनाने के लिए कुछ प्री-डिपार्चर और ट्रांज़िट प्रोसेस पूरे करने होते हैं, जिसमें भारतीय नागरिकों के लिए ज़रूरी डिजीयात्रा एनरोलमेंट भी शामिल है। ईजी कनेक्ट फ़्लाइट्स से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कनेक्ट होने वाले भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए डिजीयात्रा में एनरोल करना ज़रूरी है। स्पोक एयरपोर्ट पर वेब चेक-इन और कस्टम्स डिक्लेरेशन उपलब्ध नहीं हैं। एयर इंडिया की ईजी कनेक्ट फ़्लाइट्स की बुकिंग सभी चैनलों पर उपलब्ध है, जिसमें एयर इंडिया की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, कॉन्टैक्ट सेंटर और ट्रैवल एजेंट शामिल हैं।
पिछला लेखभारतीय सेना का जवान, जिसने दर्जनों युवाओं को दिया मकसद, CWG में बना पहला ऐसा हिंदुस्तानी
अगला लेखAmritsar Commissionerate Police की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियारों और हेरोइन सहित 4 आरोपी गिरफ्तार