अमृतसर देहात पुलिस को सीमा पार से होने वाली ड्रोन तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित गांव सूफियां के खेतों से ड्रोन के जरिए गिराई गई करीब 10 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त किया गया है।
यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में भेजी गई थी। तस्कर खेतों से इसे उठाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की गतिविधियों की भनक लगते ही वे मौके से फरार हो गए। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने खेतों से 10 सीलबंद पैकेट बरामद किए। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन करीब 10 किलोग्राम बताया जा रहा है।
मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू
पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि मोटरसाइकिल के पंजीकरण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। फिलहाल पुलिस मोटरसाइकिल के मालिक और उससे जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच
घटना के संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों की जांच कर रही है, ताकि फरार तस्करों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशे की खेप भेजने की कोशिशों को लगातार नाकाम किया जा रहा है। मामले की हर पहलू से जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।
पिछला लेखE20 पेट्रोल के विरोध में PM आवास तक मार्च करेंगे केजरीवाल, बोले- ‘100 लोगों के साथ प्रधानमंत्री को सौंपेंगे पत्र’
अगला लेखAugust Bank Holidays 2026:अगस्त में 14 दिन बंद रहेंगी बैंक शाखाएं, पढ़ें छुट्टियों की पूरी लिस्ट