Krit Sanon Raksha Bandhan Ad Controversy: बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपने बेबाक अंदाज के लिए भी जानी जाती हैं. हाल ही में कृति ने रक्षाबंधन के मौके पर एक कमर्शियल ऐड शूट किया, जिसमें पहने गए उनके आउटफिट को लेकर सोशल मीडिया पर एक नई बहस छिड़ गई. कुछ यूजर्स ने भारतीय संस्कृति और परंपरा का हवाला देते हुए उनके कपड़ों पर सवाल खड़े कर दिए, जिसके बाद अब एक्ट्रेस ने सीधे तौर पर ट्रोलर्स को जवाब दिया है.
दरअसल, शूट के दौरान कृति ने आइवरी कलर का बेहद खूबसूरत लहंगा और डीप-नेक ब्लाउज पहना हुआ था. इंटरनेट के एक वर्ग ने इस पर आपत्ति जताते हुए ‘संस्कृति और परंपरा’ के नाम पर उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया. बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी इस मामले पर टिप्पणी की थी. अब इस मामले पर कृति सेनन ने ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब दिया है.
ट्रोलर्स को कृति सेनन का जवाब
कपड़ों पर उठे इस विवाद पर कृति सेनन ने एक लंबा नोट लिखकर आलोचकों को आईना दिखाया. कृति ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा, “त्योहारों का असली मतलब उन कपड़ों में नहीं होता जो आप पहनते हैं, बल्कि उन भावनाओं और उस मायने में होता है, जो आप परंपराओं के लिए अपने दिल में रखते हैं.”
कृति ने समझाया रक्षाबंधन का मतलब
आगे कृति ने लिखा, “रक्षाबंधन सुरक्षा का एक अटूट बंधन है. मेरी बहन और मैं एक-दूसरे को राखी बांधते हैं. हम जानते हैं कि हम एक-दूसरे की हिफाजत किसी भी भाई से कम नहीं कर सकते. हम एक-दूसरे की अच्छी सेहत, खुशियों और लंबी उम्र की दुआ मांगते हैं. और हमारे लिए ये दुआ और ये वादा हमारे डॉग्स (पालतू कुत्तों) तक भी जाता है. आखिरकार वो भी तो हमारा परिवार हैं. इसके अलावा हम महिलाओं को ये बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए?”
कृति ने आगे लिखा, “समय के साथ एथनिक फैशन में बहुत बदलाव आया है, लेकिन आज भी एक महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ उसके कपड़ों से ही नापा जाता है. संस्कृति और परंपराएं दिल में होती हैं, किसी की नेकलाइन में नहीं.” कृति ने सीधे शब्दों में कहा कि भाई-बहन का त्योहार या कोई भी पर्व प्यार, अपनेपन और भरोसे से मनाया जाता है, न कि इस बात से कि किसी लड़की ने कितना बड़ा या छोटा गला पहना है.”
कंगना रनौत का क्या कहा था?
इस मामले पर कंगना ने बिना किसी का नाम लिए एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, “महिला होने के लिए ये शानदार समय है. हमारी अलमारियों में कई तरह के कपड़े से भरी हैं. आज की महिला ग्लोबल है. हमारे पास कॉकटेल ड्रेस से लेकर लहंगा-चोली, जींस से साड़ी और बिकिनी से सलवार-कमीज तक कई ऑप्शन हैं, तो फिर आप अपने भाई को बिकिनी या अंडरगारमेंट्स में राखी क्यों बांधेंगी? स्टाइलिंग के लिए आपके पास इतने ऑप्शन हैं, फिर ऐसा क्यों? हा हा, ये विज्ञापन जानबूझकर अजीब बनाया हुआ लगता है.”








