कोलंबो टेस्ट में टीम इंडिया ने श्रीलंका को फॉलोऑन दिया.
विकेट के पीछे ऋषभ पंत खड़े हों और मैच में कुछ हरकत ना हो ऐसा हो ही नहीं सकता. भारतीय विकेटकीपर पहले दो दिन तक चोट की वजह से विकेटकीपिंग नहीं कर पाया लेकिन चौथे दिन पंत फिट हुए और विकेट के पीछे आते ही उन्होंने अपना कमाल दिखा दिया. पंत ने श्रीलंका के शतकवीर बल्लेबाज सोनल दिनुशा को अपनी बातों में फंसाकर आउट करा दिया. दिनुशा ने शतक तो लगाया लेकिन उनकी गलती की वजह से श्रीलंका फॉलोऑन नहीं टाल पाया. आइए आपको बताते हैं कि आखिर कैसे पंत ने दिनुशा का ध्यान भंग किया.
पंत ने दिनुशा को क्या कहा?
सोनल दिनुशा शतक लगा चुके थे, वो 103 रनों पर नाबाद थे. ऐसा लग रहा था ये खिलाड़ी श्रीलंका के फॉलोऑन को टाल देगा. लेकिन विकेट के पीछे से पंत ने सोनल का ध्यान भटका दिया. पंत ने विकेट के पीछे से सोनल को कहा, ‘हर बॉल को रोक रहे हो. एक छक्का लगाओ और अपने देश को फॉलोऑन से बचाओ.’ इसके बाद सोनल ने जवाब दिया, ‘जब मुझे लगेगा तब छक्का लगाऊंगा. आप अपने काम पर ध्यान दो.’ इतना कहते ही सोनल दिनुशा ने सारांश जैन की गेंद को डिफेंस करने की कोशिश की लेकिन केएल राहुल ने उनका कैच लपक लिया. इस तरह सोनल आउट हो गए और टीम इंडिया को फॉलोऑन देने का मौका मिल गया. श्रीलंका फॉलोऑन टालने से 14 रन पीछे रह गया.
भारतीय स्लेजिंग में फंस रहे हैं श्रीलंकाई खिलाड़ी
कोलंबो टेस्ट की पहली पारी में सिर्फ सोनल भारतीय टीम की स्लेजिंग में नहीं फंसे. खेल के तीसरे दिन सरफराज खान ने अपनी स्लेजिंग के जरिए श्रीलंका के कप्तान धनंजय डीसिल्वा को आउट किया. 35वें ओवर में सरफराज खान शॉर्ट लेग पर खड़े थे. तीसरी गेंद पर सरफराज ने धनंजय डी सिल्वा को कहा कि आप कप्तान हो और टाइम वेस्ट कर रहे हो, डरो मत. ये बात सुनकर धनंजय का मानो ध्यान भंग हो गया और वो दो गेंद बाद स्लिप में कैच आउट हो गए. टेस्ट मैच की यही खूबसूरती है. यहां सिर्फ अच्छी गेंदबाजी कर विकेट नहीं झटके जाते, बल्लेबाज का ध्यान भंग कर भी विकेट निकाले जाते हैं. टीम इंडिया कोलंबो में यही कर रही है.