लुधियाना में ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने आत्महत्या कर ली।

विवाहिता ने छत वाले पंखे से चुन्नी बांधकर सुसाइड किया। मृतका के भाई की शिकायत पर लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
मामला गुरु अर्जुन देव नगर इलाके का है। मृतका की पहचान मनदीप कौर के रूप में हुई है। ताजपुर रोड स्थित गुरु अर्जुन देव नगर निवासी मृतका के भाई संदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन मनदीप कौर की शादी 6 दिसंबर 2014 को अरविंदर कुमार के साथ हुई थी।
बहन का अपने पति के साथ कोर्ट में केस चल रहा था
शिकायतकर्ता के अनुसार शादी के कुछ समय बाद ही बहन का पति अरविंदर कुमार, ससुर कृष्ण लाल और सास कमलेश रानी, निवासी गुरु अर्जुन देव नगर, नजदीक समराला चौक, उसके साथ मारपीट करने लगे व उसे मानसिक रूप से परेशान करने लगे। इसी विवाद के चलते बहन का अपने पति के साथ कोर्ट में केस चल रहा था।
कोर्ट में पति ने दी थी धमकी, तनाव में रहने लगी थी बहन
संदीप ने बताया कि 3 अप्रैल 2026 को उसकी बहन मनदीप कौर केस की सुनवाई के लिए लुधियाना की माननीय अदालत में गई थी। वहां उसके पति अरविंदर कुमार ने उसे सरेआम धमकी देते हुए कहा कि कि मैं तुम्हें कोई खर्चा नहीं दूंगा, ना ही कोर्ट के जरिए खर्चा दूंगा और ना ही वैसे दूंगा। यह सारी बात मनदीप ने घर आकर अपने भाई को बताई, जिसके बाद से वह काफी परेशान और तनाव में रहने लगी थी।
चुन्नी से फंदा लगाकर दी जान, सुसाइड नोट मिला
इसी के चलते 4 सितंबर को मनदीप कौर ने घर में छत वाले पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से 1 कैंची, 1 लकड़ी का टेबल, 1 सुसाइड नोट और फंदे में इस्तेमाल की गई 1 चुन्नी बरामद की है।
पुलिस ने पति, ससुर और सास पर मामला दर्ज किया
थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने मृतका के भाई संदीप कुमार की शिकायत के आधार पर पति अरविंदर कुमार, ससुर कृष्ण लाल और सास कमलेश रानी के खिलाफ BNS की धारा 108 के तहत FIR नंबर 216 दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पिछला लेखPunjab Games: पंजाब में ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के चौथे सीजन का होगा आगाज, CM Bhagwant Mann करेंगे उद्घाटन