अमृतसर के जंडियाला गुरु इलाके में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में लूट की कोशिश का मामला सामने आया है।
अमृतसर के जंडियाला गुरु इलाके में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। कुछ नकाबपोश युवक बैंक के अंदर लूट करने के इरादे से दाखिल हुए। हालांकि, लुटेरे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
बता दे करीब 5 अज्ञात युवक बैंक में पहुंचे थे। सभी ने अपने चेहरे ढके हुए थे। बैंक के अंदर पहुंचने के बाद युवकों ने लूट की कोशिश की। इस दौरान कर्मचारियों और अन्य लोगों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि, लुटेरों की यह कोशिश नाकाम रही।
वे बैंक से कोई बड़ी रकम लेकर नहीं जा सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की ओर से बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी बैंक तक किस रास्ते से पहुंचे और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए।
पांचों आरोपी फिलहाल अज्ञात, जांच जारी
फिलहाल पांचों आरोपी अज्ञात बताए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। बैंक में लूट की कोशिश की इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।