करीना कपूर की फिल्म ‘दायरा’ 18 सितंबर को रिलीज होने वाली है.
बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म दायरा को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं. इस फिल्म में वो एक पुलिस अफसर के किरदार में नजर आने वाली हैं. फिल्म को लेकर उनके फैंस काफी एक्साइटेड नजर आ रहा है. बीते दिन फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ है, जो काफी दमदार है. वहीं, अब सभी को फिल्म की रिलीज का इंतजार है. इस बीच करीना ने फिल्म को लेकर कई अहम बातें बताई हैं, जिसमें उन्होंने अपने किरदार को लेकर भी बात की है.
करीना ने बताया है कि आखिर फिल्म में उनका पुलिस अफसर का किरदार कैसा होना वाला है. एक्ट्रेस के मुताबिक, उनका ये रोल बाकी सभी फीमेल पुलिस अफसर से काफी अलग है.चलिए जानते हैं करीना ने अपने लुक को लेकर क्या कुछ बताया है.
फिल्म में कैसा है करीना का किरदार?
बुधवार को करीना अपनी फिल्म प्रोमोट करने एक इवेंट में पहुंची थी. इस दौरान उन्होंने अपने किरदार को लेकर बात की. उन्होंने बताया फिल्म में DCP अजोनी ने स्टीरियोटाइप को तोड़ा है. करीना कपूर ने कहा, मुझे लगता है कि हमारे दिमाग में पुलिस अफसर की एक तय तस्वीर बनी हुई है. खासकर महिला पुलिस अफसर की बात करें तो अक्सर उन्हें एक ऐसी महिला के तौर पर दिखाया जाता है, जो थोड़ी मर्दाना होती है, उनका चलने का एक खास अंदाज होता है, वह बंदूक लेकर एक्शन करती नजर आती हैं.
लेकिन इस फिल्म में, क्योंकि इसकी कहानी और मुद्दा काफी संवेदनशील है, मेघना गुलजार बिल्कुल साफ थीं कि उन्हें एक महिला पुलिस अफसर का किरदार चाहिए. ऐसी महिला, जो एक आम महिला की तरह हो, जो फेमिनिन हो, लिपस्टिक लगाती हो, लेकिन साथ ही काफी सख्त भी हो. जो हर काम मुस्कुराते हुए करती हो. जैसा कि आपने अजोनी के किरदार में देखा है, जो सड़क पर अपने उसी अंदाज में चलती है.
उन्होंने कहा, मेरे लिए भी अजोनी के किरदार को सही तरीके से निभाना आसान नहीं था, क्योंकि उसके अंदर हमेशा एक तरह का संघर्ष चलता रहता है. मुझे यकीन है कि बतौर डायरेक्टर मेघना ने भी इसे लिखते समय इस संघर्ष को महसूस किया होगा और पृथ्वीराज के किरदार रमन ने भी इसे महसूस किया होगा. यह किरदार काफी मुश्किल है. एक इंसान के तौर पर मैं सीधी राह पर चलती हूं. मैं यह मानना पसंद करती हूं कि जिंदगी ब्लैक एंड व्हाइट है, लेकिन इस फिल्म में सब कुछ ग्रे है. इसमें कोई शक नहीं है.
डायरेक्शन में हाथ आजमाएंगी करीना?
करीना ने यह भी साफ किया कि फिलहाल उनका कैमरे के पीछे जाने का कोई इरादा नहीं है. वह प्रोडक्शन या डायरेक्शन में हाथ आजमाने के बजाय सिर्फ एक्टिंग पर फोकस करना चाहती हैं.उन्होंने कहा, मैंने हमेशा अलग-अलग तरह के किरदार निभाने की कोशिश की है.मुझे एक्टिंग बहुत पसंद है और प्रोड्यूसिंग या डायरेक्शन जैसी मेरी कोई दूसरी दिलचस्पी नहीं है. मुझे एक्टिंग करना अच्छा लगता है, इसलिए मैं लगातार कुछ दिलचस्प करने या किसी नए और दिलचस्प किरदार की तलाश में रहती हूं.