नीरू ढांडा ने भारत की खातिर गोल्ड तो जीता ही है.
भारत की नीरू ढांडा ने जापान के आइची नगोया की शूटिंग रेंज में जो कारनामा किया है, उसे डबल मैजिक कहते हैं. उन्होंने भारत की खातिर गोल्ड तो जीता ही है. उसके अलावा अपने निशाने से नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड भी बना डाला है. ये 20वें एशियन गेम्स में नीरू ढांडा का जीता दूसरा मेडल है. उन्होंने विमेंस ट्रैप शूटिंग के इंडिवुजुअल इवेंट में गोल्ड जीता है तो इसी के टीम इवेंट में सिल्वर मेडल भी हासिल किया है.
नीरू ढांडा का जीता गोल्ड खास क्यों?
एशियन गेम्स 2026 में नीरू ढांडा शूटिंग के किसी इंडिविजुअल इवेंट गोल्ड जीतने वाली भारत की पहली शूटर हैं. नीरू ढांडा का गोल्ड 20वें एशियन गेम्स में भारत को शूटिंग में मिला दूसरा स्वर्ण पदक है. इससे पहले भारत को शूटिंग के 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में पहला गोल्ड मेडल मिला था. नीरू ढांडा एशियन गेम्स के ट्रैप इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर हैं.
नीरू ढांडा ने एशियन रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड
नीरू ढांडा ने जापान के आइची नगोया में नया एशियन रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता है. उन्होंने 30 में से 28 अंक हासिल किए, जो कि एक एशियन रिकॉर्ड है. नीरू ने फाइनल में शुरुआत से ही अपनी बढ़त बनाए रखी थी. उनकी ये बढ़त अंत तक बरकरार रही, जिसका नतीजा रहा कि गोल्ड मेडल उनका हुआ.
एशियन गेम्स में भी नीरू का शानदार फॉर्म रहा बरकरार
हरियाणा के जींद से आने वाली नीरू ढांडा का मौजूदा फॉर्म शानदार रहा है. अपने उसी फॉर्म को उन्होंने एशियन गेम्स में बरकरार रखा है. नीरू ढांडा ने पिछले साल एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था. उसके बाद उन्होंने इस साल हुए ISSF शॉटगन वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीता और ये कमाल करने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बनीं.
भारतीय सेना से जुड़ीं नीरू ढांडा
नीरू ढांडा के बैकग्राउंड की बात करें तो वो एक किसान की बेटी हैं. शूटिंग करने के अलावा वो भारतीय सेना से भी जुड़ी हैं. नीरू ढांडा भारतीय सेना में नायक सूबेदार के पद पर तैनात हैं. इस लिहाज से जापान में चल रहे एशियन गेम्स में उनकी सफलता और भी बेमिसाल हो जाती है.