पंजाब में मौसम ने करवट ले ली है।
राज्य में बारिश और पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ गया है, जबकि रात में भी मौसम ठंडा रहा। हालांकि, इसे सर्दियों की शुरुआत कहना अभी जल्दबाजी होगी।
राज्य का औसत अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस गिर गया, जो सामान्य से करीब 5.1 डिग्री कम रहा। पंजाब में सबसे अधिक तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ में 5 साल बाद सितंबर में ऐसी ठंड
चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 7.2 डिग्री कम रहा, जबकि तापमान में करीब 5.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, चंडीगढ़ में सितंबर के दौरान करीब पांच साल बाद इतनी ठंड महसूस की गई है।
6 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, मोहाली और नवांशहर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं, चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में बारिश या गरज के साथ बारिश भी हो सकती है।
ठंड बढ़ने से बिजली की मांग में गिरावट
ठंडे मौसम का असर बिजली की मांग पर भी पड़ा है। राज्य में बिजली का लोड घटकर करीब 8,000 मेगावाट के आसपास रह गया है। आज बिजली का लोड 8,785 मेगावाट दर्ज किया गया, जबकि 26 सितंबर को यह 12,989 मेगावाट था।
इस तरह तीन दिनों में बिजली की मांग में 4,204 मेगावाट की कमी आई है। बिजली की खपत घटने के कारण पंजाब की बाहरी बिजली पर निर्भरता भी कम हुई है। फिलहाल करीब 3,710 मेगावाट बिजली का उपयोग हो रहा है, जबकि निर्धारित सप्लाई 3,448 मेगावाट है।