काऊंटर इंटेलीजेंस अमृतसर ने सीमा पार से हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

काऊंटर इंटेलीजेंस (सी.आई.) अमृतसर ने सीमा पार से हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से एक .30 बोर असॉल्ट राइफल, 2 हैंड ग्रेनेड और 13 विदेश निर्मित अत्याधुनिक पिस्तौलें बरामद की हैं। पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव ने यह जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के अजनाला स्थित गांव बल्लरवाल निवासी गुरप्रीत सिंह और उसके बेटे जसकरण सिंह, बटाला के सग्गरपुर निवासी वीनू, गांव रसूलपुर निवासी अमृतपाल सिंह तथा गांव गौणसपुरा निवासी गौरव मसीह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों में चार 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और नौ .30 बोर पिस्तौलें शामिल हैं। इसके अलावा 25 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हथियारों और विस्फोटकों की खेप को लाने-ले जाने में इस्तेमाल की जा रही 2 मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
उन्होंने बताया कि काऊंटर इंटेलीजेंस अमृतसर को खुफिया जानकारी मिली थी कि गुरप्रीत सिंह और जसकरण सिंह विदेश में बैठे एक तस्कर के संपर्क में हैं। दोनों सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई जाने वाली हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों की खेप उठाते थे। इसके बाद इन हथियारों को अपने अन्य साथियों के माध्यम से आगे पहुंचाया जाता था।
जानकारी में सामने आया कि पिता-पुत्र अजनाला के गांव तेरी के पास अपने साथियों वीनू, अमृतपाल सिंह और गौरव मसीह से मिलने वाले थे। यहां उन्हें हथियारों और विस्फोटकों की खेप सौंपनी थी। सूचना मिलते ही काऊंटर इंटेलीजेंस की टीम ने निर्धारित स्थान पर छापा मारकर पांचों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से हथियारों तथा विस्फोटकों की खेप बरामद कर ली।
उन्होंने बताया कि विदेश में बैठा तस्कर पुलिस की निगरानी से बचने और खेप की आवाजाही का समन्वय करने के लिए एन्क्रिप्टेड संचार प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस अब इस पूरे नैटवर्क की जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस थाना स्टेट स्पैशल ऑप्रेशन सैल अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।
पिछला लेखPhillaur में खड़े तेज रफ्तार बाइक ट्राले से टकराई:Jalandhar-Ludhiana NH पर हादसा, गंभीर हालत में रेफर; मौके पर पहुंची SSF की टीम
अगला लेखLovely Professional University हिंसा मामले में 2 और नाबालिग हिरासत में:एक Himachal तो दूसरा Haryana का रहने वाला