अमृतसर में हीरो मेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के प्रचार के लिए आज हॉकी का शो मैच आयोजित किया जाएगा।
यह मैच दोपहर 3 बजे छेहरटा स्थित स्कूल ऑफ एमिनेंस में खेला जाएगा। इसमें ओलंपियन, अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों समेत करीब 200 खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है। पंजाब में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ाने के लिए राज्य के सभी जिलों में ट्रॉफी टूर निकाला जा रहा है। प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आज यानी 22 अक्टूबर को दोपहर 1:30 बजे जिला तरनतारन के गांव चब्बा में बाबा नौध सिंह जी की समाधि से ट्रॉफी प्राप्त की जाएगी।
23 अक्टूबर को गुरदासपुर रवाना होगी ट्रॉफी
इसके बाद ट्रॉफी को अमृतसर लाया जाएगा। यहां ट्रॉफी के स्वागत के मौके पर खेल विभाग की ओर से हॉकी का शो मैच करवाया जाएगा। 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे ट्रॉफी अमृतसर से गुरदासपुर जिले के लिए रवाना होगी। इसके लिए भी संबंधित विभागों को जरूरी प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।
खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा
प्रशासन का कहना है कि ट्रॉफी टूर का मुख्य उद्देश्य एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के प्रति लोगों में उत्साह पैदा करना और हॉकी को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। शो मैच के जरिए खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।