जालंधर के कुल्हड़ पिज्जा फेम सहज अरोड़ा तबीयत बिगड़ने से अस्पताल में भर्ती है।

इसका वीडियो भी सामने आया है। इसमें सहज ये कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि मेरे जाने के बाद मेरी पत्नी को ट्रोल मत करना।
वीडियो में सहज अरोड़ा अपनी सेहत को लेकर चिंता जताते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह कहते हैं कि डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन में ट्यूमर होने की बात बताई है और उन्हें डर है कि शायद वह जिंदा न रहे।वीडियो में सहज ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उनके जाने के बाद उनकी पत्नी को कमेंट न किए जाएं।
हालांकि, सहज अरोड़ा ने सेहत को लेकर इतना ही कहा कि उसका एक ऑपरेशन हो गया है। वीडियो में सहज की तबीयत खराब नजर आती है और दर्द से कराहते दिखते हैं।
पढ़िए VIDEO में क्या कह रहे सहज अरोड़ा?
  • दर्द सहन नहीं हो रहाः सहज अरोड़ा वीडियो में वह दर्द से कराहते हुए अपनी सेहत को लेकर चिंता जताते नजर आ रहे हैं। सहज कहते हैं कि डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन में ट्यूमर होने की बात बताई है। उनका कहना है कि दर्द सहन नहीं हो रहा और उन्हें डर है कि कहीं उनकी मौत न हो जाए।
  • पत्नी को अब ट्रोल न करनाः सहज वीडियो में लोगों से अपील करते हुए कहते हैं कि अगर उन्हें कुछ हो जाता है तो उनकी पत्नी को ट्रोल न किया जाए। उनकी पत्नी पहले ही काफी परेशान है, इसलिए उनके जाने के बाद उसे कमेंट करके परेशान न किया जाए। सहज आगे बताते हैं कि उनका एक ऑपरेशन हो चुका है और भी हो सकते हैं।
कैसे मशहूर हुआ कुल्हड़ पिज्जा कपल और किन विवादों में आया
दुकान के बाहर काउंटर लगाकर शुरू किया काम
जालंधर में भगवान वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक) से बीआर अंबेडकर चौक (नकोदर चौक) की ओर जाने वाले रास्ते पर सहज अरोड़ा ने दुकान के बाहर काउंटर लगाकर काम शुरू किया। कपल ने कुल्हड़ में पिज्जा बनाने का कॉन्सेप्ट पेश किया। नई डिश देखने और चखने के लिए फूड ब्लॉगर्स आने लगे, जिससे उनका काम धीरे-धीरे मशहूर होने लगा।
शादी के बाद कारोबार बढ़ा, सोशल मीडिया पर मिली पहचान
सहज अरोड़ा की गुरप्रीत के साथ शादी के बाद दोनों का कारोबार आगे बढ़ा। कुल्हड़ पिज्जा की लोकप्रियता के साथ कपल सोशल मीडिया पर भी चर्चित हो गया। दोनों के फॉलोअर्स बढ़ने लगे और पंजाब के बाहर भी उन्हें पहचान मिलने लगी।
एयर राइफल के साथ फोटो शेयर करने पर दर्ज हुआ केस
कपल पहली बार विवादों में तब आया, जब उन्होंने एयर राइफल के साथ फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की। इस मामले में जालंधर सिटी पुलिस ने गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप में केस दर्ज किया था। हालांकि, दोनों को थाने से ही जमानत मिल गई थी।
निजी वीडियो वायरल होने के बाद फिर विवादों में आया कपल
इसके बाद कपल उस समय चर्चा में आया, जब उनके रेस्टोरेंट में काम करने वाली पूर्व कर्मचारी तनिशा वर्मा ने उनके निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। शुरुआत में कपल ने वीडियो को फेक बताया। बाद में सहज ने पुलिस कमिश्नरेट में शिकायत दी। थाना-4 की पुलिस ने सहज के बयान पर तनिशा और अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने तनिशा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पूर्व कर्मचारी के परिवार ने लगाए फोन इस्तेमाल करने के आरोप
वीडियो वायरल होने के बाद तनिशा के परिवार ने आरोप लगाया था कि नौकरी के दौरान कर्मचारी का मोबाइल जमा कर लिया जाता था। परिवार के मुताबिक, एक दिन सहज ने तनिशा का फोन इस्तेमाल किया था। ये आरोप परिवार की ओर से लगाए गए थे।
पॉडकास्ट में सहज ने वीडियो बनाने की बात मानी
बाद में एक पॉडकास्ट में सहज अरोड़ा ने माना कि वायरल हुआ वीडियो उन्होंने बनाया था। हालांकि, उन्होंने कहा था कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि वीडियो इस तरह वायरल हो जाएगा। इस मामले के बाद भी कुल्हड़ पिज्जा कपल सोशल मीडिया पर चर्चा में बना रहा।
वायरल वीडियो के बाद पंजाब छोड़ गया था कपल
जालंधर के पुराने लाल रत्न सिनेमा के पास पिज्जा हट चलाने वाले सहज का पत्नी के साथ एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल हो गया था। इसके बाद निहंग जत्थेबंदियों सहित सैकड़ों लोगों ने वीडियो को लेकर पति-पत्नी को ट्रोल किया था। दोनों को जान से मारने की धमकियां भी मिली थीं। इसके बाद कपल जालंधर छोड़कर विदेश में बस गया था।
पिछला लेखGold-Silver धड़ाम; सिल्वर में 6,799 रुपए की गिरावट, 2 लाख से नीचे हुई कीमत, जानें सोने के दाम
अगला लेखAmritsar में युवक की घर के बाहर ही हत्या : 3 सगे भाईयों ने सिर-पेट में 4 गोलियां मारीं; परिजन बोले- पटाखे जैसी आवाज सुन पता चला