जालंधर के साथ सटे ब्यास की निहंग जत्थेबंदी ने एक पंडित को बुरी तरह पीटा।
इसका वीडियो भी सामने आया है। इसमें निहंग पंडित को थप्पड़ मारते हुए दिख रहा है। जत्थेदार बाबा अजयदीप सिंह जी ब्यास वाले ने दावा किया है कि पंडित को इसलिए पीटा गया, क्योंकि उसने लुधियाना के एक परिवार से लाखों रुपए की ठगी की है।
निहंग ने बताया कि पंडित हरियाणा साइड का रहने वाला है। उसने लुधियाना के एक परिवार की बहू को अपने जानकार युवक के साथ भगा दिया। इसके बाद परिवार से संपर्क कर पूजा-पाठ के जरिए महिला को ढूंढने के लिए 7 लाख रुपए ठग लिए।
निहंग ने बताया कि लुधियाना के परिवार ने उनसे संपर्क किया। इसके बाद पंडित को हरियाणा से ढूंढ निकाला और फिर अपने तौर पर उसे सजा दी गई। निहंग का आरोप है कि पंडित ने उन्हें भी लालच दिया कि परिवार सरकारी नौकरी करता है। उसकी मोटी फर्म है, इसलिए वह उन्हें भी पैसा दिला देगा।

ब्यास निवासी निहंग ने पंडित को लेकर वीडियो में कई दावे किए।
वीडियो में निहंग ने क्या दावा किया, जानिए…
-
पंडित हरियाणा की तरफ का रहने वाला: जत्थेदार बाबा अजयदीप सिंह जी ब्यास वाले की जत्थेबंदी के निहंग ने बताया कि यह वीडियो किसी बदमाशी या हिंसा का नहीं है, बल्कि एक ढोंगी पंडित की करतूतों और ठगी का पर्दाफाश होने के बाद की गई कार्रवाई का है। यह पंडित हरियाणा की तरफ का रहने वाला है।
-
साजिश के तहत बहू को भगा दिया: निहंग ने कहा कि इसने एक ऐसे परिवार को अपना शिकार बनाया, जिसके लगभग सभी सदस्य सरकारी नौकरी में हैं। पीड़ित परिवार की बहू को आरोपी पंडित ने साजिश के तहत लुधियाना से किसी अन्य युवक के साथ भगा दिया।
-
मौसी के साथ इस पंडित ने शादी कर रखी थी: पड़ताल में सामने आया कि जिस युवक के साथ बहू को भगाया गया, उसी की मौसी के साथ इस पंडित ने शादी कर रखी थी। पंडित पहले से शादीशुदा था और उसके 5 बच्चे भी हैं। इसके बावजूद उसने दूसरी शादी रचाई और फिर उस युवक के साथ साठगांठ करके साजिश को अंजाम दिया।
-
परिवार को बातों में उलझाकर पूजा के नाम पर ठगी की: बहू के गायब होने के बाद पंडित ने पीड़ित परिवार को बातों में उलझाया और उसे ढूंढकर लाने व पूजा के नाम पर करीब 7 लाख रुपए ऐंठ लिए। वह हर बार तंत्र-मंत्र और सामग्री के बहाने पीड़ित परिवार को लुधियाना सहित कई अलग-अलग जगहों पर घूमाता रहा। हर चक्कर के बदले वह 50 हजार रुपए कैश वसूलता था, जबकि गाड़ी के तेल और अन्य सभी खर्चे भी पीड़ित परिवार ही उठाता था।
-
पीड़ित परिवार ने जत्थेबंदी से संपर्क किया: निहंग ने बताया कि तंग आकर पीड़ित परिवार की महिला (बहन) ने सिख जत्थेबंदी से संपर्क किया और पूरे मामले में मदद की गुहार लगाई। इस पर सेवादारों ने मामले का संज्ञान लिया। लुधियाना पहुंचकर पीड़िता से बातचीत की तो पता चला कि पंडित झूठ बोलकर उन्हें दर-दर भटका रहा है और मोटी रकम वसूल रहा है। इसके बाद जत्थेबंदी के सिंहों ने जाल बिछाकर उस पंडित को पकड़ लिया।







