अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह से नकेल कसने के उद्देश्य से चलाया गया यह तलाशी अभियान लगभग नौ घंटे तक जारी रहा।
पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने कपूरथला के गगरेवाल गांव में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने सतलुज दरिया के तटीय इलाकों में चलाए गए एक विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान 10,500 लीटर कच्ची शराब (लाहन) बरामद कर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया।
अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह से नकेल कसने के उद्देश्य से चलाया गया यह तलाशी अभियान लगभग नौ घंटे तक जारी रहा। अभियान की शुरुआत तड़के सुबह 5 बजे हुई, जो दोपहर बाद तक चलती रही। इस दौरान आबकारी विभाग की टीमों ने सतलुज दरिया के किनारे बने संवेदनशील और झाड़ियों वाले इलाकों की गहनता से छानबीन की। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में लाहन मिली, जिसे आबकारी टीम ने तुरंत मौके पर ही बहाकर नष्ट कर दिया।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह पूरा अभियान आबकारी कमिश्नर जतिंदर जोरवाल, डिप्टी कमिश्नर रणजीत सिंह, सहायक कमिश्नर नवजीत सिंह और आबकारी अधिकारी सुखदीप सिंह चाहल के सख्त निर्देशों पर आयोजित किया गया था। वहीं, मौके पर आबकारी इंस्पेक्टर जतिंदरपाल सिंह ने स्थानीय पुलिस टीम के साथ मिलकर इस नौ घंटे लंबे तलाशी अभियान की अगुवाई की।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग का मुख्य मकसद अवैध शराब के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी बढ़ाना है, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।