जालंधर के मॉडल टाउन स्थित डी-मार्ट के बाहर बुधवार देर रात दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ।
दिल्ली से आई पुलिस टीम ने फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की, लेकिन कथित तौर पर गलत पहचान के चलते परिवार के साथ खरीदारी करने आए एक व्यक्ति को पकड़ लिया।
विरोध करने पर पुलिसकर्मियों पर परिवार के सदस्यों से बदसलूकी और हाथापाई करने के आरोप लगे। घटना के दौरान महिलाओं और बच्चों में अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की टीम एक आपराधिक मामले में वांछित आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करते हुए मॉडल टाउन पहुंची थी।
इस दौरान दिल्ली पुलिस की टीम के इस्तेमाल में लाई जा रही निजी गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें शराब की बोतल और 2 गिलासों में शराब मिलने की बात सामने आई।
लोकेशन डी-मार्ट के आसपास मिलने पर टीम ने इलाके में घेराबंदी की। आरोप है कि इस दौरान संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित किए बिना ही पुलिसकर्मियों ने वहां मौजूद एक परिवार के सदस्य को पकड़ लिया। परिवार ने इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मियों के साथ उनकी बहस और हाथापाई हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। दिल्ली पुलिस पर बिना महिला पुलिसकर्मी के परिवार की महिलाओं के साथ बदसलूकी और मारपीट करने के आरोप भी लगाए गए।
स्थानीय पुलिस ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना मिलने पर थाना नंबर-6 की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत करवाया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई से पहले जालंधर पुलिस को सूचना नहीं दी। दूसरे राज्य में छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस से समन्वय न करने और गलत व्यक्ति को हिरासत में लेने के मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल जालंधर पुलिस पूरे घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है।