लुधियाना में शहर की सुरक्षा के लिए लगाए गए सेफ सिटी कैमरे ही चोरों के निशाने पर आ गए हैं।

पिछले पांच दिनों में अलग-अलग इलाकों में चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। आरोपियों ने कैमरों के साथ लगे बैटरी बॉक्स तोड़कर या चोरी कर उनमें रखी बैटरियां और नेटवर्किंग उपकरण गायब कर दिए। इन घटनाओं से निगरानी व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
पहली घटना थाना शिमलापुरी क्षेत्र के अरौड़ा कट के पास हुई। यहां सेफ सिटी कैमरों का कंट्रोल बॉक्स तोड़कर चोर UPS की छह बैटरियां, Cisco स्विच, पावर सप्लाई और Cisco राउटर चोरी कर ले गए।
पुलिस को दी शिकायत में सीनियर कांस्टेबल गुरमुख सिंह ने बताया कि वह सीनियर कांस्टेबल हरप्रीत सिंह के साथ PCR-27 बाइक पर गश्त कर रहे थे। सुबह करीब 6:15 बजे ईंटों वाले चौक से अरौड़ा कट की तरफ जाते समय उन्हें कैमरों का बॉक्स टूटा मिला। जांच करने पर उसमें से बैटरियां और नेटवर्किंग उपकरण गायब पाए गए।

बैटरियों वाले बॉक्स भी चोरी

दूसरी घटना थाना दुगरी क्षेत्र के फेज-2 की 22 फुट रोड पर हुई। यहां सेफ सिटी कैमरों के साथ लगाए गए बैटरियों वाले बॉक्स ही चोरी कर लिए गए। HFCL कंपनी के मैनेजर सनी दियोल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी ने इस इलाके में सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत कैमरे लगाए हैं। अज्ञात व्यक्ति इनसे जुड़े बैटरी बॉक्स चोरी कर ले गया।

दोनों मामलों में केस दर्ज

सेफ सिटी कैमरों के उपकरण चोरी होने के दोनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामलों की जांच की जा रही है और चोरी हुए सामान तथा आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पिछला लेखJalandhar में पड़ोसियों ने परिवार पर किया हमला:कई सदस्य घायल, दोनों पक्षों में पहले हो चुका विवाद; वारदात के बाद फरार
अगला लेखKhanna में बारदाने के गोदाम में भीषण आग, लाखों रुपए का सामान जलकर राख