मोगा। जिले के मैहना-नथूवाला लिंक रोड पर पुलिस और मोटरसाइकिल सवार दो युवकों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास कर रहे युवकों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों युवक दाहिने घुटनों में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो पिस्तौल, पांच कारतूस और एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
इसी अभियान के दौरान थाना मैहना की पुलिस पार्टी पर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों युवक गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्तौल, पांच कारतूस और एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी मोगा सरताज सिंह चाहल ने बताया कि थाना मैहना की पुलिस पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी। जब पुलिस टीम मैहना-नथूवाला लिंक रोड पर मौजूद थी तो नथूवाला की तरफ से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस पार्टी ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन युवकों ने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों युवकों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस वाहन में लगी, जबकि दूसरी बार फायर करने के दौरान एक पिस्तौल जाम हो गई। पुलिस पार्टी ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली दोबारा पुलिस वाहन में लगी, जबकि अन्य गोलियां दोनों युवकों के दाहिने घुटनों में जा लगीं।
घायल आरोपियों की पहचान गुरसेवक सिंह पुत्र अंग्रेज सिंह निवासी दशांज रोड, मोगा और आकाशदीप सिंह पुत्र अमरीक सिंह निवासी धर्मकोट के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से .32 बोर और .30 बोर के दो पिस्तौल, पांच कारतूस तथा काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले की आगामी जांच जारी है।