मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ इस वक्त इंडिया टूर पर हैं. जहां वो भारत के कई शहरों में कॉन्सर्ट कर रहे हैं. लेकिन दिलजीत के कॉन्सर्ट को रोकने की कोशिश की जा रही है. इस बात का खुलासा खुद सिंगर ने किया था. 30 अक्तूबर को दिल्ली में हुए उनके कॉन्सर्ट को लेकर भी कई रूकावटें आई थीं. हालांकि, पुलिस की परमीशन के बाद कॉन्सर्ट हो गया. अब दिलजीत इंदौर में परफॉर्म करने वाले हैं. लेकिन खबरे हैं कि सुरक्षा कारणों की वजह से सिंगर का कॉन्सर्ट रद्द कर दिया गया है, जिस पर दिलजीत ने चुप्पी तोड़ी है.
दिलजीत ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर लाइव आकर इस पर अपनी बात रखी है. अपने मजाकिया अंदाज में दिलजीत ने इन खबरों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने के लिए न्यूज चैनलों पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि चैनलों ने इस खबर में अपनी तरफ से काफी ‘मसाला’ लगा दिया है. इसके साथ ही उन्होंने फैंस को भरोसा दिलाया कि वह 15 नवंबर को इंदौर में जरूर परफॉर्म करेंगे.
दिलजीत ने कहा, “कोई जो मर्जी बोले, मैं 15 तारीख को जरूर मिलूंगा. आप बस मेरी बात पर विश्वास रखो.” उनका आने वाला इंदौर कॉन्सर्ट एक और वजह से चर्चा में है. खबरों के मुताबिक, आयोजकों और वेन्यू के अधिकारियों को कथित तौर पर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि दिलजीत ऐसे गाने न गाएं, जिनका बच्चों पर गलत असर पड़ सकता है.
जिला अधिकारी रजनीश सिन्हा का बयान
इन निर्देशों के बारे में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी रजनीश सिन्हा ने कहा, “दिलजीत दोसांझ का एक कॉन्सर्ट 15 नवंबर को ट्वेंटी वन बिजनेस पार्क में होने वाला है. हमें चंडीगढ़ से एक पत्र मिला था, जिसमें उन गानों का जिक्र किया गया था, जो ड्रग्स, नशीले पदार्थों या हथियारों का महिमामंडन करते हैं. पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए हमने आयोजकों को पत्र लिखा है. उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि ऐसे गाने न गाए जाएं, क्योंकि इनका बच्चों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.”
दिल्ली में दिलजीत ने किया था परफॉर्म
30 अक्टूबर को दिलजीत ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शानदार कॉन्सर्ट के साथ अपने ऑरा टूर के भारतीय चरण की शुरुआत की थी. इस दौरान स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था. कॉन्सर्ट में दिलजीत ने अपने कई हिट गानों से दर्शकों का मनोरंजन किया था.
पिछला लेखमोगा में पुलिस मुठभेड़, दो पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद
अगला लेख6 महीने में विदेश से 17 गैंगस्टर वापस…मान सरकार ने दोहराया अपराध मुक्त पंजाब बनाने का संकल्प