टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के चौथे मैच में खराब फील्डिंग की काफी महंगी कीमत चुकानी पड़ी. मैच के दूसरे ही ओवर में तेज गेंदबाज आकिब नबी की लगातार दो गेंदों पर स्लिप में रोहित शर्मा और विकेट के पीछे ईशान किशन की ओर से कैच छोड़े जाने के बाद कीवी सलामी बल्लेबाज विल यंग ने दोनों हाथों से इस मौके को भुनाया और सिर्फ 88 गेंदों में शानदार शतक जड़ दिया. यह विल यंग के वनडे करियर का पांचवां शतक है, वहीं भारत के खिलाफ यह उनकी पहली सेंचुरी है.
विल यंग ने जड़ा यादगार शतक
विल यंग को इस मैच की शुरुआत में ही 2 जीवनदान मिले थे. जब वो 5 रन पर थे, तभी रोहित शर्मा और ईशान किशन ने लगातार 2 गेंदों पर उनके दो कैच छोड़े थे. इसके बाद विल यंग ने कोई गलती नहीं की और काफी संभलकर अपने स्कोर को आगे बढ़ाया. विल यंग ने 49 गेंदों का सामना करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया, इसी दौरान उन्होंने अचानक बल्लेबाजी का गियर भी बदला.
एक समय वो 43 गेंदों पर 41 रन बनाकर खेल रहे थे. लेकिन एक बार नजरें जमने के बाद उन्होंने अचानक अपने बल्ले का गियर बदला और भारतीय गेंदबाजों पर चौतरफा प्रहार शुरू कर दिया. उन्होंने अपनी अगली 45 गेंदों में 59 रन बटोरते हुए 88 गेंदों में ही अपना सैकड़ा पूरा कर लिया. शतक के बाद भी उनकी लय जारी रही और वो अंत में 108 गेंदों पर 125 रन बनाकर आउट हुए, उनकी इस पारी में 14 चौके और 4 छक्के शामिल रहे.
24 पारियों का लंबा इंतजार हुआ खत्म
यह शतक विल यंग के लिए काफी अहम रहा, क्योंकि वो पिछले काफी समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे. इससे पहले उन्होंने अपना आखिरी वनडे शतक चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था. उस शतक और आज की इस पारी के बीच खेली गई 24 वनडे पारियों में यंग का प्रदर्शन काफी साधारण रहा, जहां उन्होंने सिर्फ 18.75 की औसत और 73.05 के स्ट्राइक रेट से कुल 450 रन बनाए थे और उनके बल्ले से सिर्फ दो अर्धशतक निकले थे.