टाटा ग्रुप की एयरलाइन एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दीपक राजावत को अपना नया चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) नियुक्त किया है. वह 1 दिसंबर 2026 से इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे. फिलहाल वह एयरलाइन में चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) के पद पर काम कर रहे हैं. एयरलाइन के बोर्ड ने बुधवार को उनकी नियुक्ति की घोषणा की है.
दीपक राजावत को विमानन और वित्तीय क्षेत्र में 20 साल से ज्यादा का अनुभव है. एयर इंडिया एक्सप्रेस में आने से पहले वह विस्तारा एयरलाइन से जुड़े थे. वह विस्तारा की शुरुआत से ही कंपनी का हिस्सा रहे और उन्होंने कॉर्पोरेट प्लानिंग, विमानों की खरीद और वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभागों में काम किया. बाद में उन्हें विस्तारा का मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी (CCO) बनाया गया.
इस पद पर रहते हुए दीपक राजावत ने कंपनी की कमाई बढ़ाने, नए रूट की योजना बनाने, टिकटों की बिक्री, मार्केटिंग और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने जैसे काम संभाले. उनके कार्यकाल में विस्तारा घरेलू बाजार हिस्सेदारी के मामले में देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन बनी. इसके अलावा, स्काईट्रैक्स की दुनिया की शीर्ष 20 एयरलाइंस की सूची में भी विस्तारा को जगह मिली थी.
एयर इंडिया एक्सप्रेस का फाइनेंस संभाल रहे थे राजावत
एयर इंडिया एक्सप्रेस में CFO रहते हुए राजावत ने कंपनी के वित्तीय कामकाज के साथ-साथ उसके विस्तार और एयर इंडिया समूह में एकीकरण की प्रक्रिया में भी अहम भूमिका निभाई है. एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन निपुण अग्रवाल ने कहा कि राजावत के पास वित्तीय मामलों की अच्छी समझ के साथ व्यावसायिक अनुभव भी है. वहीं, राजावत ने कहा कि उनका ध्यान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और तकनीक की मदद से एयरलाइन को मजबूत बनाने पर रहेगा.
मार्च से खाली थी CEO की कुर्सी
यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब एयर इंडिया एक्सप्रेस अपने कारोबार का विस्तार करने की तैयारी कर रही है. इससे पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रबंध निदेशक (MD) और CEO आलोक सिंह ने 19 मार्च 2026 को अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद पद छोड़ दिया था. उनके नेतृत्व में एयरलाइन ने कई बड़े बदलाव किए. इनमें कंपनी का निजीकरण, एयरएशिया इंडिया के साथ विलय और विमानों की संख्या बढ़ाना शामिल है.
आलोक सिंह नवंबर 2020 में एयर इंडिया एक्सप्रेस के CEO बने थे. उस समय कंपनी सरकारी स्वामित्व में थी और कोरोना महामारी के कारण विमानन क्षेत्र मुश्किल दौर से गुजर रहा था. जनवरी 2022 में टाटा समूह ने एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस का अधिग्रहण किया. इसके बाद भी आलोक सिंह ने कंपनी का नेतृत्व जारी रखा. उनके कार्यकाल में एयर इंडिया एक्सप्रेस के कारोबार में काफी विस्तार हुआ. साल 2020 में कंपनी के पास केवल 26 विमान थे, जो उनके कार्यकाल के दौरान बढ़कर 100 से ज्यादा हो गए. कंपनी का विमान बेड़ा करीब चार गुना बढ़ा.
एयर इंडिया एक्सप्रेस का कितना बड़ा है नेटवर्क?
फिलहाल एयर इंडिया एक्सप्रेस रोजाना करीब 585 उड़ानें संचालित करती है. इसका नेटवर्क देश के 48 घरेलू और 17 अंतरराष्ट्रीय शहरों तक फैला हुआ है. कंपनी के बेड़े में बोइंग 737 और एयरबस A320 परिवार के कुल 108 विमान शामिल हैं.