पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज जालंधर के शाहकोट निर्वाचन क्षेत्र के तहत डोनेवाल के नए गांव में आयोजित ‘लोक मिलानी’ कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान क्षेत्र के निवासियों से उन्होंने सीधे बातचीत की. इस अवसर पर उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सत्ता में वापसी के उनके ‘मुंगेरी लाल के सपने’ मात्र सपने ही रह जाएंगे.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने संबोधन के दौरान शिरोमणि अकाली दल (बादल) और कांग्रेस पर भी तीखे हमले किए. भगवंत मान पूर्व मुख्यमंत्रियों चरणजीत सिंह चन्नी और सुखबीर सिंह बादल पर जमकर बरसे. उन्होंने कहा कि महिलाओं और जन कल्याण के लिए वित्तीय सहायता योजनाएं बंद नहीं की जाएंगी. नहर के पानी के बेहतर उपयोग से राज्य में धान की बंपर पैदावार हो रही है.
1000-1500 बंद नहीं होंगे-मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि ये लोग जितना चाहें विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं, लेकिन जब तक मेरी सरकार है, महिलाओं को पैसे आने बंद नहीं होंगे. एक दिसंबर को माताओं और बेटियों के फोन फिर से बजने लगेंगे. उन्होंने कहा कि हमने यह पैसा अलग रखा है. कोई भी इस पैसे के साथ छेड़छाड़ नहीं कर रहा है
लोगों की समस्याएं भी सुनीं
इस जनसभा कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही उनका समाधान करना है. मुख्यमंत्री मान ने शिक्षा, स्वास्थ्य, मुफ्त बिजली और रोजगार के क्षेत्रों में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जन कल्याण योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की.
सिंचाई प्रणाली में हुए प्रमुख परिवर्तनों का उल्लेख
कृषि के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने सिंचाई व्यवस्था में हुए महत्वपूर्ण बदलावों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने से पहले पंजाब में नहर के पानी का केवल 22 प्रतिशत ही उपयोग होता था, जो अब बढ़कर 85 से 86 प्रतिशत हो गया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस आंकड़े को 90 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है ताकि किसानों को सिंचाई के लिए नहर का पर्याप्त पानी मिल सके. उन्होंने आशा व्यक्त की है कि बेहतर सिंचाई सुविधाओं के कारण पंजाब इस वर्ष राष्ट्रीय भंडार में लगभग 200 लाख मीट्रिक टन धान का योगदान देगा, जो पहले के 18 मिलियन मीट्रिक टन के अनुमान से काफी अधिक है.

पिछला लेखPunjab elections 2027: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जालंधर दौरा आज, ‘समरसता संकल्प यात्रा’ दिखाएंगे हरी झंडी