अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की चीन के शेनझेन में बैठक हुई. एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन के दौरान होने वाली इस मुलाकात के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन दोनों का हित इस बात में है कि होर्मुज स्ट्रेट से तेल की सप्लाई बिना रुकावट जारी रहे. उन्होंने कहा कि दोनों देश चाहते हैं कि इस समुद्री रास्ते से ऊर्जा की आवाजाही बनी रहे. ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए और इन मुद्दो पर अमेरिका और चीन की सोच एक जैसी है.
होर्मुज संकट की वजह से तेल की कीमतें भी करीब 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं. चीन दुनिया में तेल खरीदने वाले सबसे बड़े देशों में शामिल है. इसलिए होर्मुज से सप्लाई रुकना उसकी अर्थव्यवस्था और ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़ा खतरा है. अमेरिका को भी तेल की कीमतों और दुनिया के बाजार पर पड़ने वाले असर की चिंता है. हालांकि, अमेरिका और चीन, ईरान के साथ तनाव खत्म करने और होर्मुज से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही शुरू कराने के लिए किस तरह काम करेंगे, इस पर अभी कोई ठोस समझौता सामने नहीं आया है.
चीन से कृषि खरीद बढ़ाने की मांग
इस बैठक में ट्रंप ने चीन से अमेरिका के किसानों से ज्यादा कृषि उत्पाद खरीदने की मांग भी की. उन्होंने कहा कि चीन की अमेरिकी कृषि उत्पादों की मांग बहुत ज्यादा है. वहीं, जिनपिंग ने ताइवान के मुद्दे पर अमेरिका से सही कदम उठाने और दोनों देशों के बीच मतभेद कम करने की अपील की.
इस तरह होर्मुज का मुद्दा अमेरिका और चीन के बीच बातचीत का अहम हिस्सा बन गया है. दोनों देशों के लिए इस समुद्री रास्ते से ऊर्जा की सप्लाई जारी रहना जरूरी है. हालांकि, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और युद्ध को लेकर दोनों देश किस तरह मिलकर काम करेंगे, यह आगे की बातचीत से साफ होगा.
पुतिन ने भी ट्रंप और जिनपिंग के सामने रखी बात
इस बैठक में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस, अमेरिका और चीन के कई हित एक जैसे हैं. तीनों देशों की जिम्मेदारी है कि वे दुनिया में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में मदद करें. उन्होंने यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए भी तीनों देशों के बीच बातचीत की जरूरत बताई. इससे पहले ट्रंप और पुतिन की करीब 40 मिनट तक अलग से बातचीत हुई थी. इसमें यूक्रेन युद्ध और दोनों देशों के आपसी संबंधों पर चर्चा हुई.
क्रेमलिन के अधिकारी यूरी उशाकोव के मुताबिक, बातचीत के बाद पुतिन काफी खुश थे. पुतिन के लिए यह बैठक इसलिए भी अहम है, क्योंकि इससे उन्हें अमेरिका और चीन के साथ एक बराबर के वैश्विक नेता के रूप में अपनी जगह दिखाने का मौका मिला है
पिछला लेखIND vs NZ: मोहम्मद सिराज को बाहर करना गलत नहीं, टीम इंडिया के कोच ने Playing XI पर दिया ऐसा गजब बयान
अगला लेखPralay: ‘धुरंधर’ के बाद ‘प्रलय’ से धमाका करेंगे रणवीर सिंह, फिल्म पर पैसा लगा रहीं अनन्या बिड़ला, दिया धांसू अपडेट