पंजाब में गैंगस्टरों, उनके सहयोगियों और अन्य आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पंजाब पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘गैंगस्टरों ते वार’ के तहत शुक्रवार को मोगा जिले में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
इस दौरान फरीदकोट रेंज की आईजी नीलांबरी जगदाले विजय ने खुद मैदान में उतरकर पुलिस थानों, विशेष नाकों और पीसीआर कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जांच की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। जानकारी देते हुए आईजी नीलांबरी जगदाले विजय ने बताया कि मुख्यमंत्री पंजाब और डीजीपी पंजाब के दिशा-निर्देशों के तहत यह अभियान कई दिनों से लगातार चलाया जा रहा है। इसके तहत पंजाब के अलग-अलग जिलों में प्रतिदिन अलग-अलग समय पर विशेष ऑपरेशन किए जा रहे हैं, ताकि गैंगस्टरों, उनके सहयोगियों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके।
उन्होंने बताया कि मोगा में आज इस अभियान के तहत तीन प्रमुख गतिविधियां की गईं। इनमें पुलिस थानों की चेकिंग, विशेष नाकाबंदी की जांच और पीसीआर कर्मचारियों की ब्रीफिंग शामिल रही। इस दौरान मोटरसाइकिलों और चार पहिया वाहनों पर तैनात पीसीआर तथा ईआरवी कर्मचारियों से उनकी ड्यूटी को लेकर फीडबैक भी लिया गया। आईजी ने बताया कि पीसीआर कर्मचारियों को शहर और जिले के महत्वपूर्ण हॉटस्पॉट चिन्हित करके दिए गए हैं। इन स्थानों पर लोगों की आवाजाही अधिक रहती है और सुरक्षा के लिहाज से इनकी विशेष अहमियत है। पुलिस का उद्देश्य इन क्षेत्रों में पुलिस की लगातार मौजूदगी सुनिश्चित करना है, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और आपराधिक तत्वों में कानून का डर बना रहे।
उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आम जनता के साथ उनका व्यवहार अच्छा और सहयोगपूर्ण होना चाहिए। किसी भी व्यक्ति की ओर से परेशानी या आपात स्थिति में कॉल मिलने पर पुलिस कर्मचारी चार से पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध करवाने का प्रयास करें। प्रत्येक कर्मचारी को एक निश्चित बीट और क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां नियमित पेट्रोलिंग और निगरानी करना अनिवार्य है। आईजी ने बताया कि पुलिस थानों और नाकों पर तैनात कर्मचारियों की सतर्कता, हथियारों की उपलब्धता, ड्यूटी के दौरान उनकी मौजूदगी और सुरक्षा प्रबंधों की भी जांच की जा रही है। नाकों तथा थानों में उचित रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों की रोटेशन के आधार पर ड्यूटियां लगाई जा रही हैं और एसएसपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज थाना सिटी मोगा की भी जांच की गई। थाने में लगे सभी 17 सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली चेक की गई और सभी कैमरे चालू हालत में पाए गए। उन्होंने कहा कि अपराधों को ट्रेस करने और आपराधिक घटनाओं की जांच में सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका होती है, इसलिए इनका सुचारू रूप से काम करना बेहद जरूरी है। आईजी ने कहा कि पुलिस की वास्तविक मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए नाकों, थानों और पुलिस चौकियों का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण किया जा रहा है।
कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है कि वे पूरी मेहनत और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाएं तथा जिले को अपराधमुक्त बनाने में योगदान दें। उन्होंने यह भी बताया कि मोगा जिले में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की एक कंपनी तैनात की गई है, जो अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है। इससे जिले की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह तैनाती सामान्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए की गई है, हालांकि इससे नगर परिषद चुनावों के दौरान भी सुरक्षा प्रबंधों को मजबूती मिल रही है।
आईजी ने कहा कि पंजाब पुलिस की ओर से इस तरह के विशेष सुरक्षा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि और असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।