पंजाब में नशे का जानलेवा कारोबार लगातार युवाओं की जिंदगी निगल रहा है. ताजा मामला तरनतारन जिले के पट्टी विधानसभा क्षेत्र के गांव तूत से सामने आया है, जहां ड्रग ओवरडोज के कारण 20 साल के युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान प्रितपाल सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि युवक ने देर रात एक घर से नशीला पदार्थ लिया और बाथरूम में जाकर इंजेक्शन लगा लिया. इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और ड्रग ओवरडोज के चलते उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
मृतक प्रितपाल सिंह के चाचा सुखदेव सिंह रौनकी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रितपाल के पिता की कुछ साल पहले ही मौत हो चुकी थी. परिवार में उसकी मां, बड़ा भाई और वह खुद रहता था. चाचा के मुताबिक, प्रितपाल का बड़ा भाई किसी मामले में जेल में बंद है, जबकि प्रितपाल घर का छोटा बेटा था.
उन्होंने बताया कि प्रितपाल ने देर रात गली में स्थित एक घर से नशीला पदार्थ लिया था. इसके बाद वह बाथरूम में चला गया और वहां खुद को इंजेक्शन लगा लिया. आरोप है कि नशे की ओवरडोज के कारण उसकी जान चली गई. महज 20 साल की उम्र में युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
गांव में खुलेआम बिक रहा ड्रग
प्रितपाल के चाचा सुखदेव सिंह रौनकी ने गांव में नशे के खुलेआम कारोबार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि गांव में नशीले पदार्थों की बिक्री खुलेआम हो रही है, लेकिन पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि उनके मोहल्ले में पिछले तीन से चार महीनों के दौरान ड्रग ओवरडोज के कारण पांच से छह युवाओं की मौत हो चुकी है. हैरानी की बात यह है कि संबंधित पुलिस थाना घटनास्थल से महज 500 मीटर की दूरी पर है. इसके बावजूद नशे के कारोबार पर रोक नहीं लग पा रही है.
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
जब सुखदेव सिंह से पूछा गया कि क्या उन्होंने नशे की बिक्री को लेकर पुलिस को शिकायत दी थी, तो उन्होंने बताया कि परिवार ने जान-बूझकर पुलिस को सूचना नहीं दी. उनका आरोप है कि पहले भी नशे से जुड़ी घटनाओं में पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, इसलिए उन्हें शिकायत करने का कोई फायदा नजर नहीं आया. इस घटना ने एक बार फिर पंजाब में नशे के बढ़ते खतरे और युवाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया और मामले की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.