पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है. कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है. इस बीच मंगलवार (24 नवंबर) को चंडीगढ़ स्थित पंजाब प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में चुनावों की रणनीति तय करने के लिए नवगठित 42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति (PEC) की पहली बड़ी बैठक हुई. यह बैठक पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह की मौजूदगी में हुई.
बैठक में शामिल कई वरिष्ठ नेताओं ने सुझाव दिया कि उम्मीदवारों की घोषणा जितनी जल्दी हो सके कर दी जाए, ताकि प्रत्याशियों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके. हालांकि समिति के ही कुछ सदस्यों ने सलाह दी कि टिकटों के ऐलान में जल्दबाजी ना करते हुए थोड़ा और समय लिया जाए और जमीनी समीकरणों एवं दूसरी विपक्षी पार्टियों की रणनीति को पूरी तरह परखा जाए.
सिटिंग सांसदों को चुनाव लड़ाने को लेकर भी नेताओं के एक पक्ष ने इसका समर्थन किया. उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव जीतना पहली प्राथमिकता है और अगर इसके लिए सिटिंग सांसदों को भी विनिंग क्राइटेरिया के आधार पर चुनाव मैदान में उतारना पड़े तो आलाकमान को ऐसे फैसले लेने से पीछे नहीं हटना चाहिए. हालांकि सभी नेताओं ने इस मामले में आलाकमान के फैसले को ही अंतिम फैसला मानने पर सहमति जताई.
इस बैठक में केवल टिकटों पर ही नहीं, बल्कि चुनाव प्रचार अभियान और घोषणा पत्र पर भी चर्चा हुई. पार्टी ने 2027 के चुनावों के लिए अपने घोषणा पत्र को 20 दिसंबर 2026 तक अंतिम रूप देने का लक्ष्य रखा है.
बैठक में विधानसभा क्षेत्रों में मौजूदा विधायकों और दावेदारों की जमीनी सक्रियता और संगठनात्मक पकड़ की समीक्षा की गई. बैठक में करीब 35 से 40 ऐसी विधानसभा सीटों को लेकर चर्चा हुई जहां पर संभावित उम्मीदवारों की संख्या एक या दो ही है. अब इन नामों को आगे स्क्रीनिंग कमेटी के पास भेजा जाएगा.
आलाकमान के फैसले का सम्मान
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर विनिंग क्राइटेरिया ही टिकट हासिल करने की एकमात्र प्राथमिकता रहेगी. भाई-भतीजावाद या परिवारवाद की बजाय सर्वे रिपोर्ट और विनिंग एलिजिबिलिटी के आधार पर ही टिकट दिया जाएगा. स्क्रीनिंग कमेटी के द्वारा सिलेक्ट किए गए नामों के आधार पर आलाकमान जो भी नाम फाइनल करके लिस्ट जारी करेगा उसे लेकर सीनियर नेताओं ने किसी भी तरह की गुटबाजी में ना पड़ने और आलाकमान के फैसले का सम्मान करने की बात भी कही.
इस बैठक में पंजाब प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, चुनाव अभियान समिति के प्रमुख चरणजीत सिंह चन्नी, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत तमाम बड़े नेता मौजूद रहे.
पिछला लेखJalandhar में Property कारोबारी की धारदार हथियारों से हत्या, भाई ने शिवसेना नेता के बेटे पर आरोप लगाया
अगला लेखपुरानी रंजिश में चली गोली, युवक का पेट चीरते हुए महिला को लगी; ​अमृतसर में दिनदहाड़े फायरिंग से हड़कंप