वैभव सूर्यवंशी ने तूफान तो पहले भी मचाए हैं. बल्ले के जोर पर गेंदबाजों को पहले भी अपने सामने कांपने पर मजबूर किया है. मगर एशिया कप राइजिंग स्टार्स में 24 नवंबर को UAE के खिलाफ मुकाबले में जो उन्होंने किया, वो कुछ अलग ही था. वैभव का ये तूफान बल्ले से मचाए उनके पिछले सारे तूफानों से अलग था. शायद इसलिए क्योंकि इसके पीछे की वजह थे युवराज सिंह और उनका 30 मिनट वाला मंत्र. वैभव सूर्यवंशी ने खुद इस बारे में बताया है, जिसका वीडियो BCCI ने शेयर किया है. इतना ही नहीं वैभव ने UAE के खिलाफ मैच से पहले जिन 4 लोगों से बात की थी, उनके बारे में भी खुलासा किया.
वैभव सूर्यवंशी ने बताया कि उन्होंने मैच से पहले 4 लोगों से बात की थी. उन्होंने सबसे पहले अपने पिता संजीव सूर्यवंशी को फोन किया था. उन्होंने अपने कोच मनीष ओझा से बात की थी. वैभव ने अपने अंडर 19 के टीममेट प्रथम जांच को फोन मिलाया था. वहीं चौथे शख्स जिससे वैभव ने बात की, वो थे युवराज सिंह.
युवराज सिंह से 30 मिनट तक फोन पर की बात- वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी का अपने पिता, अपने कोच, अपने दोस्त से मैच के पहले बात करना तो महत्वपूर्ण था. मगर सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण रहा उनका युवराज सिंह से बात करना. वैभव ने वीडियो में बताया कि उन्होंने युवराज सिंह से 30 मिनट तक फोन कॉल पर बात की थी. उनके मुताबिक इस 30 मिनट में युवराज सिंह ने उन्हें बल्लेबाजी के बारे में बताया. उन्होंने उन्हें बताया कि बल्लेबाजी करनी कैसे है?
वैभव ने बताया कि पहले दो मैचों में बल्ला नहीं चला तो वो थोड़े परेशान हो गए. ऐसे में उन्होंने युवराज सिंह से बात की. उन्हें अपनी समस्याएं बताई. सब सुनने के बाद उन्होंने मुझे कहा कि तुम अगर 20 गेंद खेलते हो तो उसके पहले डिफेंड करो. इसके अलावा उन्होंने बल्लेबाजी के तकनीकी चीजों पर भी बात की, जिसका मुझे UAE के खिलाफ इनिंग में फायदा हुआ.
पिछला लेखएक तरफ दोस्ती, दूसरी तरफ विदेश जाने की अनुमति… पंजाब में मजीठिया को लेकर कांग्रेस-AAP ने उठाए सवाल