बाजार से चिप्स, बिस्किट या कोई भी पैकेटबंद सामान खरीदते वक्त अब आपको पीछे लिखे बारीक अक्षर पढ़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी. देश की सबसे बड़ी अदालत ने लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है. जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने साफ कर दिया है कि ज्यादा चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले पैकेटबंद खाने के सामने वाले हिस्से पर साफ चेतावनी लिखनी होगी. 26 नवंबर यानी संविधान दिवस के मौके पर ये फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने कहा कि संविधान में स्वास्थ्य के अधिकार की बात कही गई है. इसलिए इस फैसले के लिए इससे बेहतर दिन नहीं हो सकता था. अगर इसे सही भावना से लागू किया गया, तो ये देश को एक स्वस्थ भविष्य की तरफ ले जाएगा.
सुप्रीम कोर्ट ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) को सख्त निर्देश दिए हैं. नए आदेश के मुताबिक, हर नुकसानदेह तत्व यानी फैट, शुगर और नमक के लिए अलग-अलग लाल रंग का हेक्सागन (षट्कोण) लेबल लगाना जरूरी होगा. इस लेबल में एक साफ चित्र के साथ बड़े अक्षरों में “HIGH FAT”, “HIGH SUGAR” या “HIGH SALT” लिखा होगा. कोर्ट ने ये भी तय कर दिया है कि हर लाल हेक्सागन का आकार पैकेट के फ्रंट हिस्से का कम से कम 4 से 5 फीसदी होना चाहिए, ताकि ग्राहक इसे दूर से ही आसानी से पढ़ सकें.
अदालत ने लेबलिंग के पैमाने को भी पूरी तरह बदल दिया है. अब FSSAI को सिर्फ एडेड शुगर नहीं, बल्कि पैकेट में मौजूद कुल चीनी (टोटल शुगर), सैचुरेटेड फैट और नमक के आधार पर ये चेतावनी लगानी होगी. कोर्ट ने साफ कहा कि इसके लिए सीमा (थ्रेशोल्ड) को नए सिरे से तय करना होगा. DGI 2024 की टेबल 15.1 को जस का तस लागू नहीं किया जाएगा. इससे पहले सुनवाई के दौरान कोर्ट ने FSSAI के उस प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए थे, जिसमें कंपनियों को अपनी मर्जी से नियम मानने के लिए 365 दिन का वक्त देने और नए सिरे से सलाह-मशविरा करने की बात कही गई थी.
सुप्रीम कोर्ट का ये आदेश पूरी तरह बाध्यकारी है. कोर्ट ने FSSAI को ड्राफ्ट नियम तैयार करने के लिए 4 महीने का समय दिया है. बेंच ने सख्त लहजे में कहा कि इसमें किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इतना ही नहीं, FSSAI को ठीक 10 हफ्ते बाद अदालत में अपनी प्रोग्रेस रिपोर्ट भी पेश करनी होगी, जिससे पता चल सके कि इस दिशा में कितना काम हुआ है.
स्कूलों में बच्चों को मिलेगी सेहत की सीख
सिर्फ पैकेट पर चेतावनी छापने से काम नहीं चलेगा, इसलिए कोर्ट ने बच्चों को जागरूक करने पर भी जोर दिया है. आदेश के मुताबिक, अब देश के स्कूलों में न्यूट्रिशनल लिटरेसी यानी पोषण से जुड़ी शिक्षा लागू करनी होगी. इसके लिए स्कूलों के सिलेबस में बदलाव किया जाएगा और खास वर्कशॉप भी आयोजित की जाएंगी. कोर्ट का मानना है कि बचपन से ही सही खानपान की समझ विकसित होने से आने वाली पीढ़ी जंक फूड के नुकसान से बच सकेगी.
पिछला लेखगुरु नानक देव यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित किया गया इंटरनेशनल कॉन्क्लेव ‘अमृतसर 450’
अगला लेखपंजाब के मोगा में AAP की रैली के दौरान फटी कॉफी मशीन, सिर पर टुकड़ा लगने से वेटर की मौत