एक ही टेस्ट सीरीज के दो अलग-अलग मुकाबलों में कितनी समानता हो सकती है? प्लेइंग-11 एक जैसी हो सकती है, टॉस का नतीजा एक-सा हो सकता है और यहां तक कि एक-दो खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी एक जैसा हो सकता है. मगर भारत-न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च टेस्ट के पहले दिन कहानी कुछ-कुछ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट मैच के पहले दिन जैसी रही. टीम इंडिया ने एक बार फिर पहले दिन कसी हुई गेंदबाजी की लेकिन सिर्फ एक सेशन को छोड़कर भारतीय गेंदबाज ज्यादा सफलता नहीं बटोर सके.
हेगले ओवल मैदान पर शुक्रवार 27 नवंबर से शुरू हुआ ये टेस्ट मैच टॉस और बैटिंग-बॉलिंग चुनने के मामले में वेलिंग्टन की राह पर ही चला. फिर से भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया. एक बार फिर भारतीय प्लेइंग-11 में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा के लिए जगह नहीं थी. टीम में एक बदलाव जरूर था. प्रसिद्ध कृष्णा की जगह गुरनूर बराड़ को चुना गया, जो अपना डेब्यू कर रहे थे. वहीं न्यूजीलैंड ने कोई बदलाव नहीं किया.
अच्छी शुरुआत के बाद बिखरा न्यूजीलैंड
इस बार भी पहले ओवर में ही जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम को आउट कर ही दिया था. मगर क्राइस्टचर्च के ‘लोकल बॉय’ लैथम को DRS ने बचा लिया. फिर केएल राहुल ने उनका एक कैच भी ड्रॉप किया. ऐसे में न्यूजीलैंड को पहली पारी में एक साझेदारी जमाने का मौका मिला. लैथम ने डेवन कॉनवे (31) के साथ मिलकर 77 रन की साझेदारी की. इसे डेब्यूटेंट बराड़ ने पहले सेशन के आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर कॉनवे को आउट कर तोड़ा.
दूसरे सेशन की शुरुआत भी न्यूजीलैंड के लिए ठीक-ठाक हुई और लैथम (59) ने फिफ्टी जमाते हुए टीम को 110 रन तक पहुंचा दिया. मगर यहीं पर लगातार 3 ओवर में आकाश दीप और अंशुल कंबोज ने बिना कोई रन खर्चे 3 विकेट गिरा दिए. आकाश ने अलग-अलग ओवर में एक जैसी गेंद पर लैथम और रचिन रवींद्र (0) को चलता किया, जबकि कंबोज ने हेनरी निकल्स (16) की पारी का अंत किया. मगर वेलिंग्टन टेस्ट के आखिरी दिन के स्टार डैरिल मिचेल जम गए, जिन्होंने विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम ब्लंडेल के साथ 74 रन की साझेदारी की.
फिर वापसी करते हुए दमदार अंत
ये साझेदारी तीसरे सेशन में टूटी, जब वॉशिंगटन सुंदर ने मिचेल (31) को लेग स्लिप में कैच करवा दिया. न्यूजीलैंड ने 184 रन तक 5 विकेट गंवा दिए थे और यहां पर भारत के पास मौका था दबाव डालने का. मगर ग्लेन फिलिप्स एक बार फिर जम गए, जिन्होंने ब्लंडेल के साथ मिलकर 62 रन की नाबाद साझेदारी करते हुए टीम को फिर कोई झटका नहीं लगने दिया. ब्लंडेल (56 नाबाद) ने अपना अर्धशतक लगाया, जबकि फिलिप्स (36 नाबाद) भी जमे रहे और दोनों ने मिलकर टीम को 5 विकेट के नुकसान पर 246 रन तक पहुंचाया.
कुल मिलाकर वेलिंग्टन टेस्ट के पहले दिन की तरह क्राइस्टचर्च में भी एक सेशन भारत के नाम रहा, जबकि 2 सेशन न्यूजीलैंड ने जीते. तब न्यूजीलैंड ने पहले दिन 5 विकेट गंवाकर 243 रन बनाए थे. हालांकि, एक बड़ा अंतर जसप्रीत बुमराह रहे, जिन्हें इस बार कोई सफलता नहीं मिली. उन्होंने दूसरे सेशन में अचानक अपने रन-अप में बदलाव भी किया लेकिन इसका भी असर नहीं हुआ. हालांकि, बुमराह (19 ओवर, 37 रन) बेहद कसी हुई बॉलिंग करते रहे, कई बार बल्ले को छकाया. एक बार ऋषभ पंत ने मुश्किल कैच ड्रॉप भी किया. मगर सफलता पहले दिन उनके हिस्से नहीं आई. अब दूसरा दिन उनका चलना टीम इंडिया के लिए काफी अहम होगा.