पंजाब के लुधियाना में सोशल मीडिया पर RIP लिखकर फोटो शेयर करने को लेकर दोस्तों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में हुई भिड़ंत के दौरान हनी नामक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. वारदात लुधियाना के दरेसी थाना क्षेत्र की बिंद्रा कॉलोनी में हुई. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में अभी कुछ और गिरफ्तारियां होनी बाकी हैं.
जानकारी के मुताबिक, बीती रात एक युवक ने सोशल मीडिया पर RIP लिखकर एक फोटो शेयर की थी. इस पोस्ट को लेकर उसके एक दोस्त ने एतराज जताया. इसे लेकर दोनों के बीच बहस हो गई. हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन फोटो को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ. देर शाम पोस्ट को लेकर एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई. इसके बाद पोस्ट शेयर करने वाले युवक ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर दूसरे पक्ष से मिलने का समय तय कर लिया.
बताया जा रहा है कि रात के समय दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच झगड़ा शुरू हो गया. इस दौरान मारपीट इतनी बढ़ गई कि हनी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे गंभीर हालत में सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए डीसीपी आलम विजय सिंह ने बताया कि RIP लिखी फोटो शेयर करने को लेकर दोस्तों के बीच विवाद हुआ था. देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और एक पक्ष के लोगों ने अपने ही दोस्त पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. उन्होंने बताया कि मृतक की मां ने पुलिस को घटना की जानकारी दी थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने पांच आरोपियों को किया अरेस्ट
डीसीपी के मुताबिक, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. घायल हनी को सीएमसी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम का पता लगाया जा रहा है. मामूली सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की जान जाने तक पहुंच गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है.