फरीदकोट, (punjabprotv) : पंजाब के फरीदकोट से बड़ी खबर आ रही है। आईजी के नाम पर 20 लाख रुपए लेने वाले फरीदकोट के एसपी इन्वेस्टिगेशन गगनेश कुमार समेत 5 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। एसपी के साथ डीएसपी सुशील कुमार, आईजी दफ्तर फरीदकोट की आरटीआई शाखा के इंचार्ज SI खेम चंद पराशर और 2 अन्य लोगों को भी केस में नामजद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक 7 नवंबर 2019 को गौशाला कोटसुखिया के संत बाबा दयाल दास की हत्या हुई थी। आरोप है कि इसी मामले में हरका दास डेरा के प्रमुख बाबा गगन दास को डरा धमका अधिकारियों की ओर से आईजी प्रदीप कुमार के नाम पर 50 लाख रुपए रिश्वत मांगी गई, लेकिन डील 35 लाख रुपए में हुई थी। इसमें से 20 लाख रुपए ले लिए गए हैं। अब 15 लाख लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन इसकी भनक आईजी को लग गई। उन्होंने तुरंत जांच रोक कर मामला विजिलेंस के ध्यान में लाया।
इसके बाद शुक्रवार को चंडीगढ़ और फिरोजपुर से विजिलेंस अधिकारी फरीदकोट पहुंचे। यहां उन्होंने SP ऑफिस में दो घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद रात को विजिलेंस की सिफारिश पर पांचों आरोपियों के खिलाफ कोटकपूरा सदर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं इसको लेकर एसपी गगनेश का कहना है कि उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया है। उनके ऊपर जो भी आरोप हैं, वह सभी निराधार हैं।