लुधियाना, (punjabprotv) : पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ से बड़ी खबर है। देश भगत यूनिवर्सिटी में देर रात बीएएमएस के छात्र ने हॉस्टल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जीशान अहमद बेग (23 वर्ष) पुत्र इरशाद अहमद बेग निवासी किश्तवाड़, जम्मू के तौर पर हुई है। घटना रविवार रात 9:30 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
जीशान बीएएमएस (चतुर्थ वर्ष) का छात्र था और डीबीयू के डी-ब्लॉक हॉस्टल में रहता था। सूत्रों के अनुसार, डीबीयू प्रशासन की विद्यार्थी की ओर 8 लाख रुपये की फीस बकाया थी। यूनिवर्सिटी की ओर से फीस जमा करवाने के लिए विद्यार्थी पर दबाव डाला गया था। इसी से आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
छात्र की मौत के बाद रोष स्वरूप मेडिकल के छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ देश भगत अस्पताल के परिसर में जोरदार रोष प्रदर्शन किया। न्याय की मांग लेकर विद्यार्थी धरने पर बैठ गए।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची मंडी गोबिंदगढ़ पुलिस के अधिकारियों ने कुछ विद्यार्थियों के बयान नोट किए हैं। मृतक छात्र के माता-पिता यूनिवर्सिटी कैंपस में पहुंच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उनके माता-पिता के बयान के बाद ही कोई कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।