मोहाली पुलिस द्वारा शरारती तत्वों एवं नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए
मोहाली पुलिस द्वारा शरारती तत्वों एवं नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर 211 ग्राम हैरोइन, 8.10 लाख रुपए की ड्रग मनी, 2 अवैध हथियार (.32 बोर सहित 11 कारतूस व .30 बोर समेत 5 कारतूस) और 2 वाहन बरामद किए गए हैं। इस संबंधी अधिक जानकारी देते हुए एसएसपी मोहाली, दीपक पारीक ने बताया कि इन व्यक्तियों को सीआईए स्टाफ की एक टीम द्वारा गांव मौली बैदवान से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि सतनाम सिंह उर्फ निक्कू, निवासी फेज़-1 मोहाली, सूरज कुमार उर्फ पहलवान, निवासी नज़दीक पानी वाली टंकी, सोहाना तथा सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्ख, निवासी गांव गुढ़ा, थाना नकोदर, जिला जालंधर के पास अवैध हथियार हैं, जो स्विफ्ट कार में मौली बैदवान गांव में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने सोहाना थाने में उक्त व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गांव मौली बैदवान के नज़दीक से तीनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उनकी कार से एक 32 बोर की पिस्टल सहित 1 अतिरिक्त मैगजीन, 5 जिंदा कारतूस तथा 201 ग्राम हेरोइन बरामद की गई और हेरोइन बरामद होने के बाद तीनों व्यक्तियों को एनडीपीएस एक्ट 21/29-61-85 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान सतनाम सिंह ने कबूल किया कि वह हेरोइन की खेप सुहेल, निवासी साईं एन्क्लेव, झामपुर, बलौंगी से लेकर आता था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुहेल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उससे एक पिस्तौल .32 बोर सहित 6 कारतूस, .30 बोर समेत 5 कारतूस, 8.10 लाख रुपए ड्रग मनी के अलावा उसकी काली थार गाड़ी से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।