आप के नेता पवन कुमार टीनू ने मजीठा में हुई जहरीली शराब से मौत की दुखद घटना को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि पंजाब पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता पवन कुमार टीनू ने मजीठा में हुई जहरीली शराब से मौत की दुखद घटना को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि पंजाब पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम की धारा 304, 302 और 61ए के तहत दो एफआईआर दर्ज की। जिनमें एससी/एसटी अधिनियम, 1989 के तहत मुकद्दमा भी शामिल है। इन धाराओं में आजीवन कारावास तक का प्रावधान है।
टीनू ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को इस घटना पर सवाल करने के लिए घेरा और उसपर हरियाणा व उत्तर प्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्यों में दलितों एवं अल्पसंख्यकों की दुर्दशा पर चुप्पी साधने का सवाल उठाया। टीनू ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में दमनकारी माहौल और दलितों के खिलाफ किए गए अत्याचारों की एक लम्बी फेहरिस्त है। टीनू ने सख्त कार्रवाई करने में आप सरकार की तत्परता को रेखांकित किया, जिसके तहत अब तक 18 गिरफ्तारियां की गई, जिनमें नकली शराब की आपूर्ति और उत्पादन में शामिल प्रमुख अपराधी भी शामिल हैं। टीनू ने कहा कि भाजपा केवल आम आदमी पार्टी का विरोध करने के बजाय अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों पर भी विचार करे।
हाल ही में अमृतसर के मजीठा हलके के विभिन्न गांवों में जहरीली शराब से 27 लोगों की मौत हुई थी। मरने वालों की उम्र 26 से 80 साल के बीच थी। सरकार ने मरने वालों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। पुलिस ने इस मामले में 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि जहरीली शराब बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला रसायन मेथनॉल ऑनलाइन खरीदा गया था।