पिछले दिनों पंजाब में हैंड ग्रेनेड हमलों के कई मामले सामने आए। ऐसा ही एक और हमला होने से टल गया।
पिछले दिनों पंजाब में हैंड ग्रेनेड हमलों के कई मामले सामने आए। ऐसा ही एक और हमला होने से टल गया। बताया जा रहा है कि मजीठा रोड पर गांव नौशहरा के बाहर रोड किनारे जमीन में दबाकर हैंड ग्रेनेड को रखा गया था। मंगलवार सुबह करीब 9.30 बजे जब एक युवक उसे निकालने लगा तो ग्रेनेड उसके हाथ में ही फट गया। धमाके में उसके दोनों हाथ और टांगें उड़ गईं। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। जिस जगह पर यह विस्फोट हुआ है, वहां नाशपाती का बाग है। बाग के बाहर झाड़ियों में बिजली के पोल के नीचे जमीन में हैंड ग्रेनेड को छिपाकर रखा गया था। धमाके की आवाज 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी गई।
मृतक की पहचान नितिन पुत्र राकेश कुमार निवासी विकास नगर खंडवाला छेहर्टा के रूप में हुई है। डीआईजी बार्डर रेंज सतिदर सिंह और एसएसपी अमृतसर देहाती मनिंदर सिंह का कहना है कि जांच में सामने आया है कि धमाके के पीछे आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनैशनल का हाथ है। अगर यह हैंड ग्रेनेड मौके पर ही न फटता तो इससे किसी पुलिस थाने, चौकी या किसी प्रमुख व्यक्ति को निशाना बनाया जाना था। धमाके वाली जगह अमृतसर देहाती के थाना कंबो के अंतर्गत आती थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर मामले की जांच शुरू कर दी। यह घटना ग्रेनेड हमलों के बाद खालिस्तान समर्थक चरमपंथी संगठनों के कई सदस्यों की गिरफ्तारी की पृष्ठभूमि में हुई है। पुलिस को संदेह है कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन इस सीमावर्ती राज्य में अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। फोरैंसिक टीम यह पता लगा रही है कि यह आईईडी विस्फोट था या ग्रेनेड विस्फोट।