जालंधर के सुची पिंड इलाके में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।
जालंधर के सुची पिंड इलाके में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पुरानी रंजिश के चलते तीन सगे भाइयों पर जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दो अन्य भाई गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मनदीप सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल भाइयों का नाम मुकेश कुमार और पवन कुमार है। तीनों भाई देर रात अपने पिता जयराम के साथ दुकान के बाहर बैठे बातचीत कर रहे थे, तभी काले रंग की स्कॉर्पियो कार में सवार हमलावरों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।
-स्कॉर्पियो में सवार होकर आये थे हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रिंस अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर आया और जैसे ही मनदीप दुकान से बाहर निकला, उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। शोर सुनकर जब मुकेश और पवन उसे बचाने आए, तो हमलावरों ने उन पर भी वार कर दिए और तीनों को लहूलुहान कर मौके से फरार हो गए।
-स्थानीय लोगों ने की मदद
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनदीप को मृत घोषित कर दिया। बाकी दोनों भाइयों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज कैपिटल अस्पताल में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर एडीसीपी सिटी-1 आकर्षि जैन, डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लो, डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर नरेश डोगरा और ज्वाइंट सीपी संदीप शर्मा ने पहुंचकर जांच शुरू की।
-ज्वाइंट सीपी संदीप शर्मा ने बताया कि
प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है। पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-मामले की जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों की मानें तो मृतक मनदीप और आरोपी प्रिंस के बीच पहले भी विवाद हो चुका था, जो अब खूनी टकराव में तब्दील हो गया। इस सनसनीखेज वारदात ने न केवल इलाके में डर का माहौल बना दिया है, बल्कि शहर की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान व उनकी लोकेशन का पता लगाने के लिए कई ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।