पंजाब में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है।
पंजाब में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 8 जिलों में तेज आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में भी राज्य के कई इलाकों में आंधी और मूसलाधार बारिश की संभावना जताई जा रही है।
20 जून तक तेज हवाओं और बारिश की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, 20 जून तक पंजाब के कई जिलों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। अच्छी खबर यह है कि मानसून की रफ्तार बेहतर बनी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि 25 से 30 जून के बीच मानसून पंजाब में दस्तक दे देगा।
इन जिलों में यलो अलर्ट
पंजाब के पटियाला, मोहाली, रूपनगर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, होशियारपुर, गुरदासपुर और पठानकोट जिलों में बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में पहले से ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि होशियारपुर, मोहाली, पठानकोट, नवांशहर और आसपास के इलाकों में अगले कुछ घंटों में मौसम फिर से सक्रिय हो सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
उत्तर भारत में इस समय पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे रहा है, जिसकी वजह से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। किसानों और आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम विभाग के अलर्ट पर ध्यान दें और सावधानी बरतें।