भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज 5-0 से अपने नाम की.
भारत और श्रीलंका की महिला टीमों के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला गया. इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कमाल की टक्कर देखने को मिली. मुकाबले की शुरुआत भारतीय टीम के लिए कुछ खास नहीं रही, फिर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक कमाल की पारी खेलकर टीम की वापसी करवाई. फिर रन चेज के दौरान श्रीलंका की ओर से भी कमाल की बल्लेबाजी देखने को मिली, लेकिन गेंद में टीम इंडिया के गेंदबाजों ने दबाव में दमदार खेल दिखाते हुए जीत अपने नाम की और सीरीज में 5-0 से बाजी मार ली.
हरमनप्रीत कौर ने खेली कप्तानी पारी
श्रीलंका ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और टीम इंडिया के शुरुआती 3 विकेट सिर्फ 41 रन पर गंवा दिए. फिर 77 रन तक पहुंचे-पहुंचे आधी टीम पवेलियन लौट गई. इसके बाद हरमनप्रीत कौर के बल्ले से एक शानदार पारी देखने को मिली. हरमनप्रीत कौर ने 43 गेंदों पर 68 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. उन्होंने ये रन 158.13 की स्ट्राइक रेट से बनाए. इस दौरान अरुंधति रेड्डी ने 11 गेंद पर 27 रन बनाए और अमनजोत कौर ने 21 रनों का योगदान दिया. जिसके चलते भारतीय टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाने में कामयाब रही.