होम latest News उत्तर भारत में बढ़ने लगी गर्मी, दिल्ली-राजस्थान में तापमान बढ़ा, पहाड़ों पर...

उत्तर भारत में बढ़ने लगी गर्मी, दिल्ली-राजस्थान में तापमान बढ़ा, पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट

0

दिल्ली में दोपहर में गर्मी का एहसास होने लगा है.

देश की राजधानी दिल्ली में सर्दी की विदाई के संकेत साफ दिखाई देने लगे हैं. दोपहर में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को हल्की गर्मी का एहसास कराना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 14°C और अधिकतम तापमान 31°C रहने का अनुमान है. अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान में एक या 2°C की और बढ़ोतरी हो सकती है. इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है और आसमान साफ रहने से दिन में तेज़ धूप निकलेगी.
पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी राज्यों में मौसम बदलेगा. 26-27 फरवरी को जम्मू‑कश्मीर, 27-28 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है. वहीं 26 फरवरी को पंजाब में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है.

कर्नाटकऔर तेलंगाना में क्या है मौसम का हाल?

26 फरवरी को अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. इसी दिन कर्नाटकऔर तेलंगाना में भी छिटपुट बारिश हो सकती है. मैदानी इलाकों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले सात दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानों में अधिकतम तापमान 2 से 3°C तक बढ़ सकता है. महाराष्ट्र और पूर्वी भारत में भी शुरुआती दो दिनों के बाद तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है.

राजस्थान का कैसा है मौसम?

राजस्थान में मौसम शुष्क रहते हुए दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है. बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36.3°C दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान लूणकरनसर में 10.5°C रहा. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी दिनों में भी राज्य में शुष्क और गर्म मौसम बना रहेगा. राज्य के कई शहरों अजमेर, अलवर, जयपुर, पिलानी, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर और चूरू में दिन का तापमान 30°C से ऊपर दर्ज किया जा रहा है.
उधर पूर्वोत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिली. पूर्वी सिक्किम में त्सोमगो झील के पास भारी बर्फबारी से सड़कें बंद हो गईं और 541 वाहनों में सवार 2,700 से अधिक पर्यटक फंस गए. शेराथांग और आसपास के ऊंचे इलाकों में जमा बर्फ हटाकर प्रशासन ने सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया.
Google search engine


पिछला लेखLudhiana में फर्जी लेडी पुलिसकर्मी काबू: ट्रक चालकों से वसूलती थी अवैध रकम
अगला लेखPunjab: किसानों को फिरोजपुर फीडर नहर की सौगात, 6 लाख हेक्टेयर भूमि में सिंचाई को फायदा