होम latest News पंजाब राज्यपाल ने PM मोदी की अपील का किया समर्थन, दिया पर्यावरण...

पंजाब राज्यपाल ने PM मोदी की अपील का किया समर्थन, दिया पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत का संदेश

0

आज राज्यपाल अपने स्टाफ सहित इलेक्ट्रिक बस के माध्यम से बलटाना में रेलवे अंडर ब्रिज के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे।

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील का समर्थन करते हुए ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल की। राज्यपाल ने अपने आधिकारिक कार्यक्रमों के लिए पेट्रोल एवं डीजल वाहनों का उपयोग न कर सार्वजनिक एवं वैकल्पिक परिवहन साधनों का प्रयोग कर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया।
प्रधानमंत्री द्वारा हाल ही में खाड़ी देशों में उत्पन्न तनावपूर्ण परिस्थितियों के मद्देनज़र देशवासियों से पेट्रोलियम संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और ईंधन की बचत करने की अपील की गई थी। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए राज्यपाल श्री कटारिया ने निर्णय लिया कि वे प्रत्येक बुधवार को पेट्रोल एवं डीजल चालित वाहनों का उपयोग नहीं करेंगे।
आज राज्यपाल अपने स्टाफ सहित इलेक्ट्रिक बस के माध्यम से बलटाना में रेलवे अंडर ब्रिज के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे। इसके उपरांत वे यू.टी. सचिवालय, चंडीगढ़ तक इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट से गए। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहलें भी बड़े परिवर्तन का आधार बन सकती हैं। उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता से भी अपील की कि वे सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहनों, साइकिल तथा अन्य वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें।
उन्होंने आगे कहा कि चंडीगढ़ में इस पहल के सकारात्मक परिणाम आने के बाद वे पंजाब सरकार से भी इसी प्रकार के वैकल्पिक एवं पर्यावरण हितैषी उपायों को अपनाने का आग्रह करेंगे। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री की अपील पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देने के लिए आम जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि देशहित में सामूहिक प्रयास ही भविष्य की चुनौतियों का समाधान बन सकते हैं।
पिछला लेखPunjab Police की बड़ी कार्रवाई: करोड़ों की हेरोइन और ‘आइस’ सहित 3 तस्कर गिरफ्तार
अगला लेखAmritsar Police ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का किया भंडाफोड़; 14 किलो नशा बरामद