मोहाली के एक टिपर चालक ने 12 करोड़ रुपये की लॉटरी जीती है. डेराबस्सी के पास हुमायूंपुर गांव के रहने वाले बलजिंदर सिंह ने दिवाली बंपर लॉटरी का पहला पुरस्कार अपने नाम किया है. उन्हें सोमवार रात 11 बजे इसकी सूचना मिली. बलजिंदर ने 10 नवंबर को हांडेसरा के एक लॉटरी विक्रेता से 500 रुपये का टिकट खरीदा था. उनका परिवार पिछले 15 वर्षों से लॉटरी टिकट खरीद रहा है. 45 वर्षीय बलजिंदर सिंह किसान और टिपर चालक हैं. उनके दो बच्चे हैं.

परिवार और रिश्तेदारों ने मिलकर मनाया जश्न
12 करोड़ रुपये की लॉटरी जीतने के बाद परिवार और रिश्तेदारों ने जमकर जश्न मनाया. गांव के लोगों ने भी बलजिंदर को बधाई दी. परिवार के अनुसार, उन्होंने अभी तक पुरस्कार राशि के इस्तेमाल को लेकर कोई योजना नहीं बनाई है. फिलहाल उनकी प्राथमिकता लॉटरी की रकम हासिल करने के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी करना है. बलजिंदर सिंह और उनके साथी जीरकपुर स्थित लॉटरी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पुरस्कार राशि प्राप्त करने के लिए जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी की.
बलजिंदर सिंह के पास ढाई से तीन एकड़ जमीन है. उन्होंने कहा, “मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि भगवान ने मेरी प्रार्थना सुन ली. मेरा परिवार है, मेरे पिता हैं. मैं पिछले 15 सालों से लॉटरी में हिस्सा ले रहा हूं. मैं पेशे से ड्राइवर हूं और टिपर चलाता हूं. जब से मुझे लॉटरी जीतने की सूचना मिली है, मेरे परिवार और रिश्तेदारों में बहुत खुशी का माहौल है. हमारे पास ढाई से तीन एकड़ जमीन है.”
राशि बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद
ग्राम सरपंच दलबीर सिंह ने बताया कि बलजिंदर सिंह उनके भतीजे हैं. वह महिंदर सिंह के पुत्र हैं और एक छोटे किसान परिवार से आते हैं. बलजिंदर टिपर चलाते हैं और स्टोन क्रशर पर ड्राइवर का काम करते हैं.
बलजिंदर के लॉटरी जीतने से पूरे गांव में खुशी का माहौल है. सरपंच ने लॉटरी की पुरस्कार राशि 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 12 करोड़ रुपये करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया.
पंजाब के इतिहास की सबसे बड़ी लॉटरी
पंजाब सरकार की लॉटरी योजनाओं में प्रथम पुरस्कार की राशि पिछले कुछ वर्षों से लगातार बढ़ रही है. दिवाली बंपर 2026 में पहला पुरस्कार 12 करोड़ रुपये का है, जो पंजाब लॉटरी के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा पुरस्कार है.
यह पुरस्कार 500 रुपये के टिकट पर दिया गया है. इससे पहले 2025 में दिवाली बंपर का पहला पुरस्कार 11 करोड़ रुपये था, जबकि जनवरी 2025 में लोहड़ी-मकर संक्रांति बंपर का पहला पुरस्कार 10 करोड़ रुपये रखा गया था.

Google search engine
पिछला लेखChanni ने Captain पर ताना मारते हुए कहा – वापसी का कोई मौका नहीं, ED के कई मामले हैं
अगला लेखCM भगवंत मान की ‘नो कैश, नो फरमाइश’ पॉलिसी… पंजाब में 10 लाख नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी