केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार शाम चंडीगढ़ पहुंचेंगे।
उनके दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शनिवार रात उनके ठहरने की व्यवस्था पंचकूला में की गई है। रविवार सुबह वे चंडीगढ़ पुलिस के राइजिंग डे समारोह में शामिल होंगे।
इसके बाद सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में करीब 258 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे 5 हजार से अधिक लोगों को संबोधित भी करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह एक नवंबर को सुबह करीब 10:20 बजे सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइंस पहुंचेंगे। यहां चंडीगढ़ पुलिस के राइजिंग डे समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर करीब 1:45 बजे सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क पहुंचेंगे। गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ ट्रैफिक रूट में बदलाव किए हैं।
आज रात भी एक घंटे प्रभावित रहेगा ट्रैफिक
चंडीगढ़ पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात 8 से 9 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा। दक्षिण मार्ग पर एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट से सेक्टर-31 चौक तक, पूर्व मार्ग पर सेक्टर-31 चौक से ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट तक और मध्य मार्ग पर ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट से फन रिपब्लिक लाइट प्वाइंट तक पंचकूला की ओर जाने वाले रास्ते पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।
रविवार सुबह 9:30 से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक डायवर्ट
एक नवंबर को सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक शहर में व्यापक स्तर पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। मध्य मार्ग पर फन रिपब्लिक लाइट प्वाइंट से मटका चौक तक यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा सेक्टर-16/17 लाइट प्वाइंट से लायंस लाइट प्वाइंट होते हुए सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क तक भी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।
पुलिस लाइंस के आसपास विशेष व्यवस्था
सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइंस की ओर जाने वाले मार्गों पर भी यातायात नियंत्रित रहेगा। रेलवे लाइट प्वाइंट से शास्त्री नगर लाइट प्वाइंट होते हुए पुलिस लाइंस के पीछे वाले लाइट प्वाइंट तक विशेष व्यवस्था लागू रहेगी।
इसके अलावा पुलिस लाइंस से सेंट कबीर लाइट प्वाइंट, किशनगढ़ मार्ग टर्न, सेक्टर-5/6 और 7/8 चौक (हीरा सिंह चौक) तथा सेक्टर-7/8 और 18/19 चौक (एपी चौक) तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। पूर्व मार्ग पर ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट से सेक्टर-31 चौक और दक्षिण मार्ग पर सेक्टर-31 चौक से एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट तक भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा।
वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें और नो-पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी न करें। इससे ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।