आम आदमी पार्टी की दूसरी लिस्ट जारी होने के बाद कुछ स्थानीय नेताओं में टिकट ना मिलने को लेकर नाराजगी जाहिर की है. ऐसे में इस्तीफे के दौर भी शुरू हो गया है. इसी क्रम में पंजाब डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर और अमृतसर के राजासांसी से पार्टी के सीनियर नेता सुखदीप सिंह छीना ने भी आम आदमी पार्टी की प्राइमरी मेम्बरशिप से इस्तीफा दे दिया है.
आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा को लिखे अपने इस्तीफे पत्र में सुखदीप सिंह छीना ने कहा है, “मैं, सुखदीप सिंह छीना, आम आदमी पार्टी (AAP) में अपने सभी पदों से इस्तीफा देता हूं और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ता हूं.” अब राजासांसी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी ने एक्ट्रेस सोनिया मान को टिकट दिया है.
31 उम्मीदवारों की जारी की गई दूसरी लिस्ट
आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए 31 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी लिस्ट जारी की. इस लिस्ट में शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के दो पूर्व करीबी सहयोगी और दो ऐसे उम्मीदवार शामिल हैं, जिनके पार्टी में शामिल होने पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था.
तलबीर सिंह गिल, एक समय पर मजीठिया के निजी सहायक थे और लगभग दो दशकों तक उनके भरोसेमंद सहयोगियों में से एक रहे, उन्हें मजीठा से उम्मीदवार बनाया गया है. यह अकाली नेता के परिवार का गढ़ माना जाता है. मजीठिया की पत्नी, गनीव कौर मजीठिया, इस समय इसी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं.
2022 के विधानसभा चुनावों के बाद मजीठिया और गिल के रिश्तों में खटास आ गई थी. वे मई 2024 में आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हुए और बाद में उन्हें मजीठा में पार्टी का ‘हल्का इंचार्ज’ नियुक्त किया गया. पार्टी ने इस साल की शुरुआत में ही इस सीट से उनकी उम्मीदवारी की घोषणा कर दी थी.
मजीठिया के एक अन्य पूर्व सहयोगी, सरबजोत सिंह साबी को मुकेरियां से उम्मीदवार बनाया गया है. साबी, पहले शिरोमणि अकाली दल (SAD) से जुड़े थे और मजीठिया के करीबी माने जाते थे, वो अकाली दल छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे.