केजरीवाल ने पंजाब सरकार के पांच साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि अब देश को नेता नहीं, बल्कि आम आदमी चलाएगा. उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान पंजाब की जनता को दी गई गारंटियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ की. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने जो गारंटियां दी थीं, भगवंत मान सरकार ने उन्हें पूरा किया है. केजरीवाल ने मुफ्त बिजली योजना का जिक्र करते हुए लोगों से पूछा कि क्या उनके घरों में बिजली के बिल जीरो आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने मुफ्त तीर्थ यात्रा की सुविधा शुरू की, मोहल्ला क्लीनिक बनाए और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए कदम उठाए. उन्होंने 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा कार्ड, सरकारी स्कूलों में सुधार और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया. केजरीवाल ने कहा कि अभी पंजाब के कई सरकारी स्कूलों को और बेहतर बनाना बाकी है, जिन्हें अगले पांच साल में शानदार बनाया जाएगा, ताकि बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा मिल सके.
महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देने की गारंटी का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि ये उनकी सबसे बड़ी चुनावी गारंटियों में से एक थी और उन्हें खुशी है कि सरकार इसे भी पूरा करने की स्थिति में पहुंची है. हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि महिलाओं के खातों में ये राशि पहुंचाने में सरकार को तीन से चार साल लग गए. देरी की वजह बताते हुए उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उनसे पहले सत्ता में रही सरकारें पंजाब का खजाना खाली करके चली गई थीं. केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी को खाली खजाना मिला था, इसलिए इन वादों को पूरा करने में समय लगा. उन्होंने दावा किया कि तमाम चुनौतियों के बावजूद भगवंत मान सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा किया है.
मोगा की इस रैली को आम आदमी पार्टी ने सरकार के कार्यकाल के रिपोर्ट कार्ड और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मंच बनाया. पार्टी की और से पहले ही इसे पंजाब में चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत के तौर पर पेश किया गया था.
केजरीवाल बोले- मैं सबसे बड़ी गारंटी देकर जा रहा हूं
केजरीवाल के संबोधन में जहां एक तरफ संविधान और राजनीतिक जिम्मेदारी का मुद्दा प्रमुख रहा, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सम्मान से जुड़ी योजनाओं को सरकार की उपलब्धियों के रूप में जनता के सामने रखा.
केजरीवाल ने कहा कि आज इस मंच से सबसे बड़ी गारंटी देकर जा रहा हूं. मैं कहकर जा रहा हूं कि कोई भी गारंटी बंद नहीं होगी. बस एक ही शर्त है कि भगवंत मान को अपना आशीर्वाद देना है. अंत में उन्होंने सभी माता-बहनों और बेटियों से अपील की कि इस पैसे से जो मर्जी खरीदें, लेकिन अपने लिए एक जोड़ी जूते जरूर खरीदकर लाएं. उन्हें पहनकर झाड़ू का बटन दबाने वोट डालने जाएं.
कुछ पुरुष हमसे नाराज हैं- केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि मैंने सुना है कि कुछ पुरुष हमसे नाराज हैं. वे कहते हैं कि महिलाओं को एक हजार रुपए मिल रहे हैं, लेकिन उनके लिए क्या किया गया है? आपको उन्हें बताना है कि बिजली मुफ्त आपके लिए भी की गई है. आपके खेतों में नहरी पानी पहुंचाया गया है. 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा दिया गया है. आज तक कोई ऐसी पार्टी नहीं आई, जिसने इतनी सारी सुविधाएं दी हों. उन्होंने कहा कि अपने पिता, चाचा, मामा और ताऊ से बात करनी है. उन्हें आम आदमी पार्टी को वोट देने के लिए कहना है. अपनी दूसरी पार्टियों को भूलकर एक-एक वोट आम आदमी पार्टी को देना है. अपने बेटों से कहना है कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने मेरिट के आधार पर 70 हजार युवाओं को नौकरियां दी हैं.
केजरीवाल ने कहा कि दूसरी पार्टियों से बचकर रहना है. अगर आप चाहते हैं कि ये सभी योजनाएं जारी रहें और भगवंत मान दोबारा मुख्यमंत्री बनें, तो आम आदमी पार्टी की सरकार को फिर से सत्ता में लाना होगा. दूसरी पार्टी को वोट देने की गलती नहीं करनी है. केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी मुफ्त की रेवड़ियों की बात करते हैं, लेकिन सरकारी पैसा जनता का है, किसी के पिता का नहीं. दिल्ली में जब से भाजपा की सरकार बनी है, हमारी कई सरकारी योजनाएं बंद कर दी गई हैं.
केजरीवाल ने कहा कि बड़े दुख की बात है कि सभी पार्टियों ने ऐलान कर दिया है कि वे मावां-धीयां योजना और मुफ्त बिजली की सुविधा बंद कर देंगी. कांग्रेस के एक बड़े नेता ने इंटरव्यू में कहा कि इन योजनाओं की क्या जरूरत है और इनसे सरकार पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है. कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है कि इन योजनाओं को बंद किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आपकी सरकार तभी बनेगी, जब आप उसे वोट देंगे.
केजरीवाल ने किया पोस्ट- हमने राजनीति को बदल दिया
केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट किया, आज हमारी पार्टी का स्थापना दिवस है. बहुत कम समय में एक लंबा सफर तय किया है हमने. जब पार्टी बनी थी तो हम पर बहुत से सवाल खड़े हुए थे… क्या हम कुछ कर पाएंगे? ये पार्टी कितने दिन टिकेगी? भला इन लोगों को राजनीति की क्या समझ?
उन्होंने कहा, लेकिन हम टिके भी रहे और पूरे देश का दिल भी जीता. हमने दिल्ली में सरकार बनाई, पंजाब में सरकार बनाई, जम्मू कश्मीर से लेकर गोवा-गुजरात तक हमें भारत के लोगों का विश्वास और प्यार मिला. हमने काम की राजनीति की, शिक्षा और स्वास्थ्य पर बात की. हमें राजनीति बदल नहीं पाई, बल्कि हमने राजनीति को बदल दिया.
उन्होंने कहा, अभी बहुत कुछ करना है. देश के लिए बहुत काम करना है. हम न डरेंगे, न पीछे हटेंगे. आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और हमारे समर्थकों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं.








