पंजाब के जीरकपुर स्थित केएमजी होटल में पुलिस और गैंगस्टरों के बीच भीषण मुठभेड़ का मामला सामने आया है. पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने डोनी बल गैंग के शूटरों को होटल के बाहर घेर लिया. इस दौरान दोनों तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चलीं. मुठभेड़ में हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी बहमन और भूपिंदर सिंह उर्फ भिंडा को कई गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने आरोपियों को काबू कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गैंगस्टरों के केएमजी होटल में मौजूद होने की सूचना मिली थी. इसके बाद एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की टीम ने होटल में दबिश दी और आरोपियों की घेराबंदी कर ली. पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर सरेंडर करने से इनकार कर दिया. इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई. गोलीबारी में घायल आरोपियों को उपचार के लिए डेराबस्सी अस्पताल पहुंचाया गया.
बताया जा रहा है कि एक अन्य आरोपी अमनदीप उर्फ हैप्पी ब्राह्मण भी पुलिस के कब्जे में आया है. वह अपनी प्रेमिका के साथ होटल में ठहरा हुआ था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
ASI इकबाल सिंह हत्याकांड में थे वांछित
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए बदमाश पंजाब पुलिस के सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) इकबाल सिंह की हत्या के मामले में वांछित थे. इकबाल सिंह फिरोजपुर की काउंटर इंटेलिजेंस विंग में तैनात थे। 11 अक्टूबर 2026 को तरनतारन जिले के नौशेरा पन्नुआन गांव में मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी. वारदात के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर कार से फरार हो गए थे.
पुलिसकर्मियों को लगातार बनाया जा रहा निशाना
पिछले कुछ समय से पंजाब में पुलिसकर्मियों पर हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं. 16 नवंबर को गुरदासपुर में मान कौर बाईपास के पास हेड कांस्टेबल विनोद कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. परिजनों ने गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था. पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की थी. वहीं, अक्टूबर के पहले सप्ताह में अमृतसर के अजनाला थाना क्षेत्र में रेलवे पुलिस के एएसआई सुखचैन सिंह पर भी जानलेवा हमला हुआ था.
ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय नहर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने उन पर नजदीक से गोलियां चलाई थीं. गोली उनके बाएं कंधे को भेदकर निकल गई थी. जीरकपुर में हुई ताजा मुठभेड़ को एएसआई इकबाल सिंह हत्याकांड की जांच में अहम कार्रवाई माना जा रहा है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों और गैंग के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.