पंजाब के अमृतसर जिले के गांव जलाल उसमां में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक 8 साल के बच्चे पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. मृतक की पहचान रंजीत सिंह पुत्र सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है. रंजीत अपनी तीन बड़ी बहनों का इकलौता भाई था. इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे गांव में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है.
जानकारी के अनुसार, रंजीत सिंह रोजाना की तरह सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान गांव के ग्राउंड के पास आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया. कुत्तों से बचने के लिए बच्चा ग्राउंड की तरफ भागा, लेकिन कुत्तों ने उसे घेरकर बुरी तरह नोच डाला. हमले में उसके सिर, चेहरे और टांगों पर गंभीर चोटें आईं. कुत्तों ने उसका दायां कान भी नोच लिया. काफी देर बाद जब लोगों ने ग्राउंड में बच्चे का लहूलुहान शव देखा तो गांव में चीख-पुकार मच गई.
ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक का परिवार बेहद गरीब है. बच्चे के पिता सुखविंदर सिंह की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है. पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण उनके मकान की छत गिर गई थी. परिवार को आज तक मकान के नुकसान का सरकारी मुआवजा भी नहीं मिला. ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी रिकॉर्ड में नाम की गलती के कारण मुआवजे की प्रक्रिया अटकी हुई है. इस संबंध में डीसी कार्यालय में आरटीआई भी लगाई गई थी.
मृतक के रिश्तेदार जोगिंदर सिंह तथा गांव निवासी रिछपाल सिंह और गुरप्रीत सिंह ने बताया कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है. पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने तथा मकान का लंबित मुआवजा जल्द जारी करने की मांग की.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाबा बकाला साहिब अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारी के अनुसार, संबंधित विभाग और जिला प्रशासन को गांव में आवारा कुत्तों की समस्या तथा पीड़ित परिवार की सहायता के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी.